न्यूज़म ब्यूरो
बुलंदशहर। चर्चित खुर्जा ट्रिपल मर्डर केस के मुख्य आरोपी जीतू सैनी को गुरुवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। यह एनकाउंटर सिकंदरपुर फ्लाईओवर के पास हुआ, जहां स्वाट टीम और खुर्जा कोतवाली पुलिस ने आरोपी को घेर लिया। दोनों ओर से हुई फायरिंग में जीतू सैनी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मुठभेड़ में स्वाट टीम प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। घायल पुलिसवालों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि, एक अन्य आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश जारी है।
गौरतलब है कि 25 अप्रैल को खुर्जा नगर क्षेत्र के एक जिम में तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में 10 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज हुआ था। पुलिस अब तक कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि जीतू सैनी मुख्य आरोपी था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।