Follow

पंजाब का ओबीसी समाज एकजुट हो जाए, अगली सरकार भाजपा की होगी : नायब सिंह सैनी

Listen to this article

कहा, भगवंत मान बताएं , जनता से किए कितने वायदे पूरे किये ? 

आरोप लगाया ,पंजाब की पूर्व सरकारों ने ओबीसी को केवल वोट बैंक मान कर निज हित साधा

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

चंडीगढ़, 3 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब के ओबीसी समाज से आह्वान किया कि वे एकजुट हो जाएं तो अगले विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। भाजपा की सरकार सबको साथ लेकर चलती है , उसमें सभी वर्गों को बराबर प्रतिनिधित्व दिया जाता है।

सैनी आज पंजाब के रूपनगर में ओबीसी समाज के सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा दो दिन पहले “मजदूर दिवस” के अवसर पर बुलाए गए विधानसभा के विशेष सत्र पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने मजदूर दिवस पर मजदूरों का मज़ाक उड़ाया है जो कि उनकी गरीब विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। लोकतंत्र का मंदिर कहे जाने वाले विधानसभा में भगवंत सिंह मान के व्यवहार  की निंदा की। उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता ने पिछले चुनाव में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत देकर जो विश्वास जताया था , सरकार के कारनामे देख कर आज वही जनता अपने आपको ठगा-सा महसूस कर रही है।

विधानसभा में लाए गए विश्वास प्रस्ताव पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उस दिन पंजाब के मुख्यमंत्री को यह भी बताना चाहिए था कि आम आदमी पार्टी ने गत चुनाव में किए गए कितने वायदों को पूरा किया है।

नायब सिंह सैनी ने ओबीसी सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ की तरफ मुख़ातिब होते हुए कहा कि  यह सम्मेलन सामाजिक चेतना का एक विराट संगम है। इतनी बड़ी संख्या में इस समाज का यहां एकत्रित होना इस बात का संकेत है कि ओ.बी.सी. समाज अब अपने अधिकारों, अपने सम्मान और अपने भविष्य को लेकर जागरूक और संगठित हो चुका है। यह ऊर्जा, यह उत्साह और यह एकता आने वाले समय में एक नए सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन की नींव रखेगी।

उन्होंने ओबीसी समाज के इतिहास को गौरवशाली बताते हुए कहा कि इस समाज ने अनेक महापुरुष दिए हैं जिनका राष्ट्र निर्माण और विकास में महान योगदान रहा है। लेकिन, दुख की बात है कि लंबे समय तक इस समाज को पंजाब में वह सम्मान और अवसर नहीं मिला, जिसका यह वास्तविक हकदार था।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आगे कहा कि जब से देश की बागडोर  प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के हाथों में आई है। तब से सामाजिक न्याय को केवल नारे के रूप में नहीं, बल्कि नीति और नियत दोनों के रूप में लागू किया गया है। प्रधानमंत्री स्वयं ओ.बी.सी. समाज से हैं। उन्होंने हमेशा समाज के वंचित, पिछड़े और गरीब वर्गों को मुख्यधारा में लाने का काम किया है।

उन्होंने उदाहरण देकर बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने ओबीसी समाज को केवल एक वोट बैंक के रूप में नहीं देखा, उसे नेतृत्व का अवसर देकर सशक्त बनाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उनके मंत्रिमंडल में 27 ओ.बी.सी. मंत्री हैं। आज देश के भाजपा शासित 5 राज्यों में ओ.बी.सी. समाज के मुख्यमंत्री हैं। यह पूरे ओ.बी.सी. समाज के गौरव और सम्मान का प्रतीक है।

नायब सिंह सैनी ने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ओ.बी.सी. आयोग को संवैधानिक दर्जा दिया गया, यह एक ऐतिहासिक कदम था, जिसने इस समाज को अधिकारों की नई शक्ति प्रदान की। मेडिकल और उच्च शिक्षा में ओ.बी.सी. वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देकर शिक्षा के ‌द्वार और अधिक खोले गए। आज देश के विश्वविद्यालयों, इंजीनियरिंग और मेडिकल संस्थानों में ओ.बी.सी. वर्ग के युवाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।

उन्होंने ओबीसी समाज से एकजुट होकर भारतीय जनता पार्टी से जुड़ने की अपील की और कहा कि आप सब मिलकर पार्टी को पंजाब में मजबूत बनाएं। आने वाले चुनाव को ध्यान में रखें और अभी से घर-घर भाजपा की अलख जगाएं। उन्होंने पंजाब की वर्तमान सरकार पर ओबीसी समाज के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमें मिलकर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठानी होगी तभी गरीब और पिछड़ा वर्ग को उसका हक़ मिलेगा।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सरदार सतनाम सिंह संधू , पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, भाजपा संसदीय बोर्ड के सदस्य सरदार इक़बाल सिंह लालपुरा, भाजपा नेता अनीस सिढाना, अजय वीर सिंह, परविंदर सिंह बराड़, दर्शन सिंह सैनी समेत अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।

 

What are your Feelings
Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Tap to Refresh