न्यूज़म ब्यूरो
कौशांबी। रविवार सुबह मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के थाभां गांव में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब से मिट्टी खोदने गईं महिलाओं पर अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर गिर पड़ा, जिससे आठ महिलाएं उसके नीचे दब गईं। इस घटना में तीन महिलाओं की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
बताया जा रहा है कि सभी महिलाएं तालाब के किनारे मिट्टी निकाल रही थीं। इसी दौरान अचानक टीला ढह गया और उन्हें संभलने का मौका भी नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और मलबे में दबी महिलाओं को निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गई और राहत-बचाव कार्य में जुट गई।
मलबे से निकाली गई घायल महिलाओं को तुरंत अस्पताल भेजा गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी हालत पर नजर बनाए हुए है। प्रशासन द्वारा पूरे मामले की निगरानी की जा रही है और आगे की कार्रवाई जारी है।