मुंबई पुलिस ने एक महीने की जांच के बाद तमिलनाडु से दोनों आरोपियों को पकड़ा; घर से ढाई लाख रुपये नकद भी बरामद हुए।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 6 नवंबर। मुंबई के समतानगर पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 239 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 7.17 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा पांच लाख रुपये नकद और एक वजन करने वाला कांटा भी मिला था।
पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि माला हरिश्चंद्र राय और अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा, कांदिवली पूर्व के पोइसर इलाके में बिहारी टेकड़ी स्थित रमाशंकर चॉल में एमडी ड्रग्स बेच रहे हैं।
पुलिस को देखकर छत पर भागे आरोपी
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो माला राय और अविनाश झा घर के पीछे की खिड़की से छत पर चढ़कर भागने लगे। पुलिस को कुछ दूरी पर खड़ा देखकर माला राय ने अपने कंधे पर टंगा बैग छत पर छिपा दिया।
पुलिस ने दो पंचों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली। उसमें 239 ग्राम एमडी ड्रग्स, पांच लाख रुपये नकद और एक वजन करने वाला कांटा मिला। इसके बाद माला राय, अविनाश झा उर्फ लोटा और पूजा राय के खिलाफ 29 सितंबर को समतानगर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 1332/26 के तहत एनडीपीएस अधिनियम की धाराओं 8(सी), 22(सी) और 29 में मामला दर्ज किया गया।
मोबाइल की जांच से तमिलनाडु में मिला सुराग
मामला दर्ज होने के बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। पुलिस ने माला राय और अविनाश झा के मोबाइल फोन का तकनीकी विश्लेषण किया। इससे दोनों के तमिलनाडु के तिरुनेलवेली में होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर 26 अक्टूबर 2026 को दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। उनके घर की तलाशी के दौरान पंचनामा कर ढाई लाख रुपये नकद भी जब्त किए गए।
एक महीने के भीतर सुलझाया मामला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय माला हरिश्चंद्र राय और 35 वर्षीय अविनाश मोहननाथ झा उर्फ लोटा के रूप में हुई है। दोनों मुंबई के कांदिवली पूर्व स्थित पोइसर इलाके के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में समतानगर पुलिस की टीम ने लगातार प्रयास कर करीब एक महीने के भीतर इस मामले का खुलासा किया। इस कार्रवाई में अपर पुलिस आयुक्त शशिकुमार मीना, पुलिस उपायुक्त गजानन राजमाने और सहायक पुलिस आयुक्त कैलास बर्वे का मार्गदर्शन रहा। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जयवंत शिंदे के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक धनंजय कावड़े और अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
