Follow

एक के कान के पास से निकली गोली, दूसरी की पीठ में लगी; मुख्य आरोपी गिरफ्तार, साथी फरार

न्यूज़म ब्यूरो

नवी मुंबई, 6 नवंबर। कोपरखैरणे के सेक्टर-1 स्थित एसएस-3 परिसर में गुरुवार रात दो सगी बहनों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। वारदात के बाद इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन चव्हाण (22) को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी राकेश चव्हाण फरार है।

एक के कान के पास, दूसरी की पीठ में लगी गोली

जानकारी के अनुसार, हमले के दौरान एक बहन के कान के पास से गोली छूकर निकल गई, जबकि दूसरी की पीठ में गोली लगी। दोनों को तत्काल नवी मुंबई महानगरपालिका अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर उपचार के लिए मुंबई के जे.जे. अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

Advertisement

कोपरखैरणे पुलिस ने हत्या के प्रयास और अवैध हथियार रखने तथा इस्तेमाल करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन चव्हाण को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़ित परिवार के घर के ठीक पीछे रहता था। उसका साथी राकेश चव्हाण अभी फरार है।

हमले की वजह और पिस्तौल के स्रोत की जांच

दोनों बहनों पर गोली चलाने के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आरोपियों और पीड़ित परिवार के बीच किसी पुराने विवाद की आशंका सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है। साथ ही आरोपी के पास पिस्तौल कहां से आई और वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपी की तलाश जारी है। नवी मुंबई के पुलिस उपायुक्त विजय खरात ने घटना की जानकारी दी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh