Follow

पुल की रेलिंग तोड़कर नाले में गिरी पुणे-नागपुर बस, एक यात्री की मौत; 25 घायल

सुबह करीब चार बजे हुआ हादसा, ज्यादातर यात्री सो रहे थे; चालक को झपकी आने की आशंका, घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती

राहुल गुप्ता

छत्रपति संभाजीनगर, 15 नवंबर। महाराष्ट्र में छत्रपति संभाजीनगर-जालना हाईवे पर शनिवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। पुणे से नागपुर जा रही एक निजी स्लीपर बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 10 फीट नीचे नाले में जा गिरी। हादसे में 20 वर्षीय यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को छत्रपति संभाजीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हादसा शनिवार, 14 नवंबर की सुबह करीब चार बजे करमाड क्षेत्र में समाधान होटल के पास हुआ। बस में सवार ज्यादातर यात्री उस समय सो रहे थे। अचानक बस पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

चालक को झपकी आने की आशंका

Advertisement

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस अनियंत्रित हुई और पुल की रेलिंग से टकराकर नीचे जा गिरी। हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

मृतक की पहचान अहिल्यानगर जिले के शिरडी तालुका स्थित पिंपलवाड़ी गांव के कालिकानगर निवासी साई दिघे के रूप में हुई है। हादसे में घायल 25 यात्रियों को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस से बाहर निकाला गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर चिखलठाणा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। कुछ यात्रियों को गंभीर चोटें आने की जानकारी है। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh