Follow

प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट्स की बिक्री पर FDA सख्त

जिम-मेडिकल स्टोर के लिए FSSAI लाइसेंस अनिवार्य
बिना लाइसेंस कारोबार करने पर 10 लाख रुपये तक जुर्माना; सोशल मीडिया और ऑनलाइन विज्ञापनों पर भी रहेगी नजर, 1.38 करोड़ के संदिग्ध उत्पाद जब्त

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 22 नवंबर। महाराष्ट्र में प्रोटीन पाउडर, हेल्थ सप्लीमेंट्स और न्यूट्रास्यूटिकल्स की बिक्री एवं प्रचार को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने सख्त रुख अपनाया है। इन उत्पादों की बिक्री में खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए FDA ने राज्यव्यापी अनुपालन आदेश जारी किया है। इसके तहत अब जिम, फिटनेस सेंटर, मेडिकल स्टोर, फार्मेसी और सप्लीमेंट्स बेचने वाले अन्य प्रतिष्ठानों के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) का लाइसेंस या पंजीकरण अनिवार्य होगा।

FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि किसी प्रतिष्ठान के पास अन्य विभाग का लाइसेंस होने के बावजूद उसे FSSAI के नियमों से छूट नहीं मिलेगी।

जिम से लेकर गोदाम तक नियम लागू

Advertisement

नए निर्देशों के अनुसार प्रोटीन पाउडर और हेल्थ सप्लीमेंट्स का निर्माण, आयात, वितरण, भंडारण और खुदरा बिक्री करने वाले सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन करना होगा। इसमें निर्माता, आयातक, वितरक, गोदाम संचालक, मेडिकल स्टोर, फार्मेसी, जिम, फिटनेस सेंटर और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म भी शामिल हैं।

बिना आवश्यक लाइसेंस या पंजीकरण के कारोबार करने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नियमों के उल्लंघन पर 10 लाख रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।

बीमारी ठीक करने के दावों पर प्रतिबंध

FDA ने हेल्थ सप्लीमेंट्स के विज्ञापनों में बीमारी को ठीक करने, रोकने या उसका उपचार करने संबंधी दावे करने पर भी रोक लगाई है। किसी उत्पाद का प्रचार डॉक्टरों या पोषण विशेषज्ञों द्वारा अनुशंसित बताकर नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा विज्ञापनों में डॉक्टरों की तस्वीरों और चिकित्सकीय सलाह का भ्रामक इस्तेमाल करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स भी कार्रवाई के दायरे में

FDA की निगरानी अब केवल दुकानों और जिम तक सीमित नहीं रहेगी। सोशल मीडिया, वेबसाइट, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म और डिजिटल माध्यमों से सप्लीमेंट्स का प्रचार करने वालों पर भी नजर रखी जाएगी। भ्रामक विज्ञापन और नियमों के विपरीत प्रचार करने पर संबंधित विक्रेताओं एवं प्रचारकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। ऐसे मामलों में 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान बताया गया है।

पैकेट पर देनी होगी पूरी जानकारी

सप्लीमेंट्स के पैकेट पर उत्पाद में इस्तेमाल की गई सामग्री, सेवन की निर्धारित मात्रा, जरूरी सावधानियां, बैच नंबर, एक्सपायरी डेट और लाइसेंस से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से देना अनिवार्य होगा। FDA ने उपभोक्ताओं को भी बिना लाइसेंस वाले विक्रेताओं से प्रोटीन पाउडर और अन्य हेल्थ सप्लीमेंट्स नहीं खरीदने की सलाह दी है।

छह विभागीय क्षेत्रों में छापेमारी, 1.38 करोड़ के उत्पाद जब्त

FDA ने 13 नवंबर को महाराष्ट्र के छह विभागीय क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया था। इस दौरान 17 प्रतिष्ठानों की जांच की गई और करीब 1.38 करोड़ रुपये मूल्य के संदिग्ध हेल्थ सप्लीमेंट्स जब्त किए गए। जब्त किए गए उत्पादों के नमूने प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस सख्ती का उद्देश्य सप्लीमेंट्स के कारोबार में पारदर्शिता लाने के साथ-साथ उपभोक्ताओं को घटिया, भ्रामक और नियमों का उल्लंघन कर बेचे जा रहे उत्पादों से बचाना है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh