सीएचएम कॉलेज के नए कौशल्य एवं शैक्षणिक भवन का किया उद्घाटन; सिंधी समाज के योगदान की सराहना, जमीन का मालिकाना हक देने का भी किया ऐलान
न्यूज़म ब्यूरो
उल्हासनगर, 22 नवंबर। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को उल्हासनगर के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि क्लस्टर योजना के माध्यम से उल्हासनगर में एक नई और नियोजित सिटी विकसित की जाएगी। इसके साथ ही शहर में मेट्रो सेवा शुरू करने की दिशा में भी सरकार काम कर रही है। उन्होंने सिंधी समाज को उनकी जमीन का मालिकाना हक दिलाने का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री रविवार दोपहर हैदराबाद (सिंध) नेशनल कॉलेजिएट बोर्ड (एचएसएनसी बोर्ड) द्वारा संचालित उल्हासनगर के सीएचएम कॉलेज परिसर में नवनिर्मित अत्याधुनिक कौशल्य एवं शैक्षणिक भवन के उद्घाटन समारोह में बोल रहे थे।
नए शैक्षणिक भवन का लोकार्पण
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कॉलेज परिसर में निर्मित नए भवन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भवन में उपलब्ध आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपेक्षाओं के अनुरूप आधुनिक शिक्षा सुविधाओं से युक्त इस भवन का निर्माण किया गया है। ऐसी शैक्षणिक पहल युवाओं के भविष्य को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
सिंधी समाज के योगदान को सराहा
मुख्यमंत्री ने सिंधी समाज के योगदान की प्रशंसा करते हुए कहा कि पाकिस्तान से संघर्ष के बाद भारत आए सिंधी समाज के लोगों ने यहां अपने परिश्रम और व्यवसाय के दम पर पहचान बनाई। आज समाज के लोग व्यापार, शिक्षा और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एचएसएनसी बोर्ड मुंबई विश्वविद्यालय के सबसे बड़े कॉलेजों में से एक का संचालन कर रहा है और संस्था शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कार्य कर रही है। नए भवन को देखकर उन्हें काफी प्रसन्नता हुई है।
क्लस्टर योजना से विकसित होगी नई सिटी
उल्हासनगर के विकास पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर को मुंबई-3 की अवधारणा में शामिल किया गया है। उन्होंने स्वीकार किया कि उल्हासनगर का मौजूदा स्वरूप सुनियोजित शहर जैसा नहीं है, लेकिन सरकार क्लस्टर योजना के माध्यम से यहां एक नई और व्यवस्थित सिटी विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
इस योजना से शहर के पुनर्विकास और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने का रास्ता खुलेगा। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों से स्वागत किया।
मेट्रो, फ्लाईओवर और पानी की नई योजना को मंजूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उल्हासनगर में मेट्रो सेवा लाने की योजना पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा शहर में फ्लाईओवर निर्माण और पीने के पानी की नई योजना को भी सरकार ने मंजूरी दी है। कई बड़े विकास कार्य प्रगति पर हैं, जबकि अन्य परियोजनाओं को भी स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि सरकार शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
सिंधी समाज को जमीन का मालिकाना हक देने का जिक्र
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में सिंधी समाज को उनकी जमीन का मालिकाना हक उनके नाम पर करने के मुद्दे का भी उल्लेख किया। इस घोषणा को उल्हासनगर के लंबे समय से लंबित जमीन संबंधी मुद्दों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
समारोह में एचएसएनसी बोर्ड के अध्यक्ष एवं प्रसिद्ध उद्योगपति निरंजन हीरानंदानी, सीएचएम कॉलेज की प्राचार्य मंजू पाठक लालवानी, उल्हासनगर के विधायक कुमार आयलानी, मुरबाड के विधायक किसन कथोरे, कल्याण पूर्व की विधायक सुलभा गायकवाड, महाराष्ट्र सरकार के परशुराम आर्थिक विकास महामंडल के अध्यक्ष कैप्टन आशीष दाममे तथा भाजपा के जिला अध्यक्ष राजेश वधारिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक और सिंधी समाज के गणमान्य नागरिक भी शामिल हुए।
महापौर की अनुपस्थिति को लेकर चर्चा
इस समारोह में उल्हासनगर महानगरपालिका की महापौर अधिवक्ता अश्विनी कमलेश निकम की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। कॉलेज के नवनिर्मित भवन के उद्घाटन समारोह में महापौर को आमंत्रित किए जाने और उनकी अनुपस्थिति को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं होती रहीं। हालांकि, उनकी अनुपस्थिति के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
