Follow

गार्डन में फोटो खींचना पड़ा भारी! कपल पर लाठी-डंडों से हमला करने वाले 6 नाबालिगों को भेजा गया सुधार गृह

आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध करने पर मारपीट का आरोप; वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने 8 लड़कों को हिरासत में लिया।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 22 नवंबर। सार्वजनिक गार्डन में फोटो खींच रहे एक कपल पर कथित हमले के मामले में जुवेनाइल कोर्ट ने छह नाबालिग आरोपियों को 4 दिसंबर तक जुवेनाइल करेक्शनल होम में रखने का आदेश दिया है। इनकी उम्र 12 से 15 साल के बीच बताई गई है। आरोप है कि लड़कों ने कपल पर लाठी-डंडों से हमला किया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लिया था।

आपत्तिजनक टिप्पणियों का विरोध करने पर मारपीट

यह घटना शुक्रवार, 20 नवंबर को कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक सार्वजनिक गार्डन में हुई। जानकारी के मुताबिक, कपल वहां तस्वीरें खींच रहा था। इसी दौरान कुछ नाबालिगों ने कथित तौर पर उन पर आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं। कपल ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।

Advertisement

बताया जा रहा है कि इस घटना में 8 से 10 लड़के शामिल थे। आसपास मौजूद लोगों ने मारपीट का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

आठ नाबालिग हिरासत में, छह को सुधार गृह भेजा

डीसीपी गणेश शिंदे ने बताया था कि कपल की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आठ नाबालिगों को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है। आरोपियों को आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाना था। अब जुवेनाइल कोर्ट ने छह आरोपियों को 4 दिसंबर तक सुधार गृह में रखने का आदेश दिया है।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 189(2) अवैध सभा, 189(4) घातक हथियार या ऐसी वस्तु के साथ गैरकानूनी सभा में शामिल होने, 118(1) स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, 352 जानबूझकर अपमान करने और 351(2) आपराधिक धमकी देने के आरोपों में मामला दर्ज किया है।

किरीट सोमैया के बयान से बढ़ा राजनीतिक विवाद

बीजेपी नेता और पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने कपल को हिंदू बताते हुए आरोपियों को ‘मुस्लिम कट्टरपंथी’ कहा। मराठी में किए गए अपने पोस्ट में उन्होंने दावा किया कि घाटकोपर में फीनिक्स मॉल के पास मुस्लिम कट्टरपंथियों ने उनके युवा हिंदू मित्रों पर हमला किया। उन्होंने एफआईआर दर्ज होने का उल्लेख करते हुए कहा कि पांच लड़कों के माता-पिता को नोटिस भेजे गए हैं।

वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता इंतेखाब फारूकी ने भी घटना की कड़ी निंदा की और ऐसे मामलों को निंदनीय बताया।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने भी जताया विरोध

घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता भी गार्डन पहुंचे। उन्होंने पार्क के चौकीदार की आलोचना करते हुए सवाल उठाया कि यदि सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की जा सकती तो इस जगह को आम लोगों के लिए खुला रखने का क्या औचित्य है।

फिलहाल मामले में पुलिस की कार्यवाही और जुवेनाइल कोर्ट के आदेश के बाद घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh