दोनों नेेताओं के बीच संगठनात्मक विषयों पर हुई चर्चा
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 22 जून। भारतीय जनता पार्टी हरियाणा की प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सोमवार को नई दिल्ली में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री, लोकसभा सांसद तथा हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रभारी बिप्लब कुमार देब से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच संगठन की मजबूती, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर डा. अर्चना गुप्ता ने बिप्लब कुमार देब को महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा भी भेंट की।
मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं में भाजपा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा केंद्र एवं नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

सांसद बिप्लब कुमार देब ने डॉ. अर्चना गुप्ता को हरियाणा भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी और उनके सफल, प्रभावी एवं प्रेरणादायक कार्यकाल की कामना की। उन्होंने विश्वास जताया कि डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में हरियाणा भाजपा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा पार्टी के विस्तार को नई गति मिलेगी।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि बिप्लब कुमार देब जैसे अनुभवी और वरिष्ठ नेता का मार्गदर्शन उनके लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में मिले नए दायित्व के निर्वहन में वरिष्ठ नेताओं का अनुभव और मार्गदर्शन संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने नए दायित्व को लेकर दी गई शुभकामनाओं और विश्वास के लिए बिप्लब कुमार देब का आभार व्यक्त किया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।