43 वर्षीय बढ़ई की पहले घर में पिटाई, फिर इमारत के नीचे गला घोंटकर हत्या; स्थानीय लोगों ने तीनों आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया
राहुल गुप्ता
नालासोपारा, 15 नवंबर। पालघर जिले के नालासोपारा पूर्व स्थित प्रगति नगर में घरेलू विवाद के बाद एक 43 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीटकर और गला घोंटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक की पत्नी और उसके दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या की साजिश पहले से रचे जाने की आशंका सामने आई है।
मृतक की पहचान समीर शेख के रूप में हुई है। वह मंगलमूर्ति अपार्टमेंट में अपनी पत्नी के साथ रहता था और बढ़ई का काम करता था। पुलिस के अनुसार, दंपती के बीच घरेलू मुद्दों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद पत्नी ने अपने दो भाइयों को बुला लिया।
घर से नीचे आया तो फिर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, दोपहर करीब चार बजे पत्नी के दोनों भाई फ्लैट पर पहुंचे और समीर के साथ मारपीट की। इस दौरान समीर किसी तरह घर से बाहर निकलकर इमारत के नीचे पहुंच गया। आरोप है कि दोनों भाइयों ने वहां उसे फिर पकड़ लिया और दोबारा हमला कर उसका गला घोंट दिया।
घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप किया। स्थानीय निवासियों ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
हत्या के आरोप में तीनों गिरफ्तार
तुलिंज पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक मराठे के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आशंका है कि मृतक की पत्नी और उसके दोनों भाइयों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी। पुलिस ने तीनों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
