Follow

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने सर्वोदय बाल आश्रम के बच्चों संग मनाई दीपावली

हर बच्चे को प्रेम, स्नेह, देखभाल और समान अवसर मिलना चाहिए : राज्यपाल

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 6 नवम्बर। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल ने बच्चों के साथ हिमाचली नाटी में भाग लिया, आपसी प्रेम और सौहार्द के उत्सव में हुए शामिल दीपावली पर करुणा, समावेशिता और आशा का संदेश दिया।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने शिमला स्थित लोक भवन में सर्वोदय बाल आश्रम के बच्चों के साथ हर्षोल्लास एवं आत्मीयता के साथ दीपावली का पावन पर्व मनाया। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल, सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की।

Advertisement

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनके कुशलक्षेम की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हुए उनके उत्साह और उमंग में भागीदारी की। इस अवसर को और भी यादगार बनाते हुए राज्यपाल ने बच्चों के साथ हिमाचल प्रदेश के पारंपरिक लोकनृत्य नाटी में भी भाग लिया। इससे प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और लोक परंपराओं के प्रति उनकी आत्मीयता भी प्रदर्शित हुई।

इस अवसर पर राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि दीपावली केवल दीपों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आशा, करुणा, मानवीय मूल्यों और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि त्योहारों की वास्तविक सार्थकता खुशियां बांटने, आपसी संबंधों को मजबूत करने तथा यह सुनिश्चित करने में है कि समाज का प्रत्येक व्यक्ति, विशेषकर वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के बच्चे, स्वयं को स्नेह, सम्मान और अपनत्व से जुड़ा हुआ महसूस करें।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे में कुछ असाधारण कर दिखाने की क्षमता होती है। आवश्यकता केवल उन्हें प्रेम, प्रोत्साहन, उचित मार्गदर्शन और अपने सपनों को साकार करने के लिए पर्याप्त अवसर प्रदान करने की है। यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है कि प्रत्येक बच्चा सम्मान, आत्मविश्वास और आशा के साथ अपना जीवन व्यतीत कर सके।

बच्चों को राष्ट्र का भविष्य बताते हुए राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने कहा कि उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रसन्नता और सर्वांगीण विकास समाज की साझा प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रत्येक बच्चे को उसकी परिस्थितियों से परे शिक्षा प्राप्त करने, आगे बढ़ने और जीवन में सफलता हासिल करने के समान अवसर उपलब्ध करवाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएं।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने लोगों से आह्वान किया कि वे त्योहारों की खुशियों को केवल अपने घरों तक सीमित न रखें, बल्कि जरूरतमंदों, वंचित बच्चों और बुजुर्गों के बीच जाकर उनके साथ खुशियां साझा करें तथा उन्हें स्नेह और सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास ही हमारी भारतीय संस्कृति, परंपराओं और मानवीय मूल्यों की सच्ची भावना को प्रतिबिंबित करते हैं।

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने बच्चों के साथ दीपावली मनाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आत्मीय संवाद और सहभागिता जीवनभर याद रहने वाली सुखद स्मृतियां बनाते हैं तथा बच्चों में अपनत्व और भावनात्मक जुड़ाव की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि प्रकाश का यह पावन पर्व बच्चों के जीवन को ज्ञान, आत्मविश्वास, खुशियों और अनगिनत अवसरों के प्रकाश से आलोकित करेगा।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh