Follow

बुजुर्ग को चाकू की नोक पर लूटने वाला ऑटो चालक व उसका साथी गिरफ्तार

Listen to this article
पुलिस ने वारदात में प्रयोग ऑटो, चाकू व लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया
 
पंचकूला/ 03 नवंबर:- पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने कार्रवाई करते हुए 31 अक्टूबर को जीरकपुर निवासी बुजुर्ग से ऑटो चालक व उसके साथी द्वारा चाकू की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर लूटेरों को गिरफ्तार कर लिया है।
 
एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 31 अक्टूबर को जीरकपुर निवासी एक बुजुर्ग व्यक्ति ने चण्डीमंदिर थाना में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह उसी दिन जीरकपुर पुल के नीचे से बलटाना जाने के लिए एक ऑटो में सवार हुआ था। ऑटो में चालक के साथ एक अन्य युवक भी मौजूद था। दोनों आरोपियों ने उसे बलटाना ले जाने की बजाय सेक्टर-23 पंचकूला की ओर मोड़ लिया और रास्ते में चाकू की नोक पर उससे मोबाइल फोन और 1600 रुपये नकद लूट लिए। इसके बाद दोनों बुजुर्ग को सड़क किनारे उतारकर मौके से फरार हो गए।
 
क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने इंचार्ज मुकेश सैनी की अगुवाई में लगातार प्रयास कर गुप्त सूचना के आधार पर 2 नवंबर को सेक्टर-20 स्थित श्मशान घाट के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुलदीप पुत्र आशा राम, निवासी जिला हिसार, वर्तमान पता मोहाली, पंजाब उम्र 32 वर्ष और राकेश उर्फ बल्लू पुत्र प्रेम पाल, निवासी जिला मुरादाबाद, वर्तमान पता जीरकपुर, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में हुई है।
 
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है ताकि उनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा सके। पुलिस ने आज शाम आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया ऑटो, चाकू और लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया है।
 
पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने और किन-किन स्थानों पर इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
What are your Feelings
Advertisement
Tap to Refresh