Follow

हरियाणा के युवाओं से इतनी नफरत क्यों, नायब सैनी जी : राव नरेंद्र सिंह

शांतिपूर्ण विरोध करने वाले कांग्रेसजनों पर FIR और गिरफ्तारियां लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन: राव नरेंद्र सिंह

गिरफ्तार युवाओं को तुरंत रिहा कर FIR वापस ले सरकार, परिवारों को परेशान करना बंद करे: राव नरेंद्र सिंह

न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 22 अगस्त। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने गुरुग्राम में शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस के युवाओं के खिलाफ FIR दर्ज किए जाने और गिरफ्तारियों को लेकर नायब सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से काले झंडे दिखाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराना कोई अपराध नहीं है, लेकिन भाजपा सरकार युवाओं की आवाज सुनने के बजाय FIR, गिरफ्तारी और पुलिसिया दमन का सहारा ले रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा, “हरियाणा के युवाओं से इतनी नफरत क्यों, नायब सैनी जी?” गुरुग्राम में शांतिपूर्ण विरोध करने वाले कांग्रेसजनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में FIR दर्ज की गई और गिरफ्तारियां की जा रही हैं। यह कार्रवाई लोकतंत्र में मिले शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने के अधिकार पर सीधा हमला है। सरकार को चाहिए कि वह युवाओं की आवाज सुने, न कि पुलिस के जरिए उनकी आवाज दबाने का प्रयास करे।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि गिरफ्तार किए गए युवाओं के परिवारों को भी परेशान किए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने नायब सैनी सरकार से मांग की कि सभी गिरफ्तार युवाओं को तत्काल रिहा किया जाए, FIR वापस ली जाए और उनके परिवारों को परेशान करना तुरंत बंद किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी को पुलिस के पीछे छिपने के बजाय जनता के सामने आना चाहिए और प्रदेश के युवाओं की समस्याओं तथा उनकी मांगों को सुनना चाहिए। युवाओं के भविष्य, रोजगार और अधिकारों से जुड़े सवालों का जवाब FIR और गिरफ्तारी नहीं, बल्कि संवाद और समाधान के जरिए दिया जाना चाहिए।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि भारत के संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने लोकतांत्रिक चेतना, विचार की स्वतंत्रता और नागरिकों के अधिकारों को सर्वोच्च महत्व दिया था। लेकिन आज हरियाणा में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने वाले युवाओं को डराने और दबाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने सवाल किया कि क्या यही नायब सैनी सरकार का लोकतंत्र और बाबासाहेब के विचारों के प्रति सम्मान है?
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार युवाओं की आवाज दबाकर उसे खत्म नहीं कर सकती। आवाज को दबाने की हर कोशिश उसे और बुलंद करेगी। कांग्रेस हरियाणा के युवाओं के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनके सम्मान की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh