न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 23 अगस्त। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में इन्वेस्टर्स समिट और अनु कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार देर रात महाराष्ट्र में अपने समकक्ष से भेंट की। मुंबई के पॉश इलाके मालाबार हिल स्थित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास ” वर्षा ” में पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने पारम्परिक ढंग से महारष्ट्र के CM देवेंद्र फडणवीस का अभिवादन किया।
पहले अंग वस्त्र पहनाने के बाद पुष्प गुच्छ और फिर स्मृति चिन्ह देकर हरियाणा के गौरवशाली इतिहास को दर्शाती कॉफ़ी टेबल बुक भी भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री सैनी के मुख्य प्रधान सचिव राजेश कुमार खुल्लर प्रमुख रूप से साथ ही उपस्थित रहे।

वहीँ अपने आधिकारिक निवास पर पहुंचे हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी का स्वागत करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री फडणवीस ने भी अंग वस्त्र अर्पित करते हुए मुख्यमंत्री सैनी को बुके देने के बाद मुंबई के राजा भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा बतौर स्मृति चिन्ह भेंट की।
इसके बाद दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच कई अहम और समसामयिक मुद्दों पर बातचीत हुई। इनमें प्रमुख रूप से हरियाणा के काला अंब में तीसरे पानीपत युद्ध के शौर्य स्मारक पर भी चर्चा हुई।

बता दें कि लगभग 16 एकड़ में बनने वाला शौर्य स्मारक में हरियाणा और महाराष्ट्र सरकार सक्रिय भागीदारी से काम कर रही है। काबिले गौर है कि हरियाणा सरकार ने रविवार को भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई में ‘हैपनिंग हरियाणा 2.0’ अंतरराष्ट्रीय आउटरीच एवं ग्लोबल कैपिटल कैंपेन की प्रभावशाली शुरुआत की है।
23 से 25 अगस्त तक आयोजित तीन दिवसीय इन्वेस्टर समिट के दौरान हरियाणा सरकार को लगभग 66,000 करोड़ रुपये से अधिक के समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।
इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरूण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ अमित अग्रवाल, सूचना, जनसंपर्क भाषा एवं संस्कृति विभाग के आयुक्त एवं सचिव के मकरंद पांडुरंग सहित अन्य अधिकारी भी साथ गए हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।




