न्यूज़म ब्यूरो
बदायूं। गंगा एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों समेत छह लोग घायल हो गए। हादसा कुंवरगांव थाना क्षेत्र में चैनल नंबर 175 के पास सुबह करीब 3:45 बजे हुआ।
जानकारी के अनुसार, नेपाल से चंडीगढ़ जा रही अर्टिगा कार में कुल नौ लोग सवार थे। अचानक कार के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने तेजी से स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे कार का संतुलन बिगड़ गया और वह पलटते हुए करीब 25 से 30 मीटर तक घिसटती चली गई।
हादसे में कार का पिछला गेट टूट गया। पीछे बैठे दो महिलाएं और एक युवक कार के नीचे दब गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और वजीरगंज सीएचसी पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर सभी छह घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मां की तलाश में रोता रहा मासूम
हादसे के बाद अस्पताल का माहौल बेहद मार्मिक हो गया। मृत महिला का दो साल का मासूम बच्चा बार-बार ‘मम्मी-मम्मी’ कहकर अपनी मां को खोजता रहा। मां की मौत से अनजान बच्चा रोता रहा, जिसे अस्पताल में मौजूद दूसरे मरीज और तीमारदार संभालते रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।