Follow

ममता बनर्जी के परिवार में विवाद गहराया

बाबुन ने अभिषेक के खिलाफ थाने में दी शिकायत
न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं पर टिप्पणी को लेकर लगाए आरोप
विदेशी साजिश और फंडिंग की जांच की भी मांग

न्यूज़म ब्यूरो

कोलकाता, 27 नवंबर। पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार का विवाद अब पुलिस थाने पहुंच गया है। ममता के छोटे भाई स्वपन बनर्जी उर्फ बाबुन ने गुरुवार को अपने भतीजे और तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के खिलाफ कालीघाट थाने में लिखित शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। शिकायत में अभिषेक पर न्यायपालिका और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने, लोक सेवकों को डराने तथा देश की संप्रभुता को खतरे में डालने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

न्यायपालिका पर टिप्पणी को लेकर शिकायत

बाबुन ने शिकायत में आरोप लगाया कि सात नवंबर को फेसबुक पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिषेक ने अपनी सुरक्षा से जुड़े विचाराधीन मामले का जिक्र करते हुए कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। आरोप है कि उन्होंने न्यायपालिका के एक वर्ग को ‘मूकदर्शक’ और ‘बिका हुआ’ बताते हुए राज्य में हिंसा के लिए अदालतों को जिम्मेदार ठहराया था।

Advertisement

इस मामले में कलकत्ता हाईकोर्ट ने 17 नवंबर को अभिषेक के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्यवाही शुरू करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था। बाबुन का आरोप है कि इसके बाद भी अभिषेक ने मीडिया के सामने न्यायपालिका को पक्षपातपूर्ण और भाजपा के दबाव में काम करने वाला बताया।

शिकायत में 24 सितंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर की गई एक पोस्ट का भी उल्लेख है। बाबुन के अनुसार, इस पोस्ट के जरिए अभिषेक ने मुख्य चुनाव आयुक्त और मुख्य न्यायाधीश की निष्पक्षता पर सवाल उठाए थे।

विदेशी साजिश और फंडिंग की जांच की मांग

बाबुन ने आरोप लगाया कि इस तरह की टिप्पणियों से आम लोगों के बीच न्यायपालिका और चुनाव आयोग के प्रति अविश्वास पैदा करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने अभिषेक की विदेश यात्राओं का हवाला देते हुए राज्य को अस्थिर करने के पीछे किसी विदेशी साजिश या विदेशी फंडिंग की भूमिका होने की आशंका भी जताई है। शिकायत में न्यायाधीशों को डराने, सरकारी काम में बाधा डालने और यूएपीए के तहत जांच कराने की मांग की गई है।

हालांकि, पुलिस में शिकायत दिए जाने का मतलब यह नहीं है कि अभिषेक के खिलाफ एफआईआर दर्ज हो गई है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

कई साल से परिवार में तनाव

बाबुन और बनर्जी परिवार के बीच पिछले कुछ वर्षों से मतभेद सामने आते रहे हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में हावड़ा से तृणमूल कांग्रेस का टिकट नहीं मिलने पर बाबुन ने नाराजगी जताई थी और निर्दलीय चुनाव लड़ने की बात कही थी। इसके बाद ममता बनर्जी ने सार्वजनिक रूप से उनसे संबंध तोड़ने की घोषणा की थी।

हालांकि, उसी वर्ष भाईदूज पर बाबुन कालीघाट स्थित आवास पहुंचे थे। लेकिन 2025 में उनकी बेटी अग्निशा की शादी में बनर्जी परिवार का कोई सदस्य शामिल नहीं हुआ। इस वर्ष मई में विधानसभा चुनाव में हार के बाद बाबुन ने ममता पर ‘भतीजा प्रेम’ का आरोप लगाया था। हाल ही में उन्होंने भवानीपुर के विधायक और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को अपनी पूजा में आमंत्रित किया था और ममता से भाईदूज का तिलक नहीं लेने की बात कही थी।

तृणमूल विधायक ने बताया निम्न स्तर की राजनीति

इस घटनाक्रम पर तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक शोभनदेव चटर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बाबुन यह साबित करना चाहते हैं कि वह ममता और अभिषेक के कितने विरोधी हैं। उन्होंने इसे निम्न स्तर की राजनीति बताते हुए इस पर अधिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh