निजी जानकारी साझा करने के खतरे बताए, अभियान में दिया नारा- ‘जानकारी लीक, तो होगा सर्वनाश’
न्यूज़म ब्यूरो
कोलकाता, 26 नवंबर। साइबर ठगी और निजी जानकारियों के दुरुपयोग से लोगों को बचाने के लिए पश्चिम बंगाल पुलिस और कोलकाता पुलिस ने जागरूकता अभियान का अनूठा तरीका अपनाया है। पुलिस ने लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन के ट्रेलर के एक चर्चित दृश्य के जरिए लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति आगाह किया है। अभियान का संदेश है, ‘जानकारी लीक, तो होगा सर्वनाश।’
मोबाइल पर संदेश से खुलने वाला था राज
वेब सीरीज के इस दृश्य में सचिव जी यानी अभिषेक त्रिपाठी अपना मोबाइल फोन गांव के नए प्रधान भूषण शर्मा उर्फ बनराकस को तस्वीर खींचने के लिए देते हैं। इसी दौरान मोबाइल पर रिंकी के व्हाट्सऐप से तीन लव साइन वाले संदेश आ जाते हैं। स्क्रीन पर संदेश देखकर भूषण और क्रांति देवी शर्मा की प्रतिक्रिया दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। इस दौरान उनका संवाद ‘बहुत अच्छा फोटो आया’ भी काफी लोकप्रिय हुआ है। इस दृश्य में मोबाइल पर मौजूद निजी संदेशों के दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने से सचिव जी और रिंकी के रिश्ते का राज खुलने की स्थिति बन जाती है।
मनोरंजन के जरिए साइबर सुरक्षा की सीख
पुलिस ने इसी दृश्य को अपने जागरूकता अभियान का हिस्सा बनाया है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो के अंत में ‘पंचायत’ का टाइटल ट्रैक बजता है और स्क्रीन पर संदेश आता है, ‘जानकारी लीक, तो होगा सर्वनाश।’ इसके साथ अंग्रेजी में भी निजी जानकारी साझा नहीं करने की सलाह दी गई है।
ओटीपी और बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील
पुलिस ने बताया कि स्मार्टफोन में व्यक्तिगत तस्वीरों, बैंक खातों, जरूरी दस्तावेजों और अन्य गोपनीय जानकारियों का रिकॉर्ड रहता है। साइबर अपराधी इन जानकारियों का इस्तेमाल आर्थिक धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के लिए कर सकते हैं। अनजान लिंक पर क्लिक करना, ओटीपी साझा करना या बिना जांचे किसी एप को अनुमति देना नुकसानदायक हो सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अपनी निजी जानकारी, बैंकिंग विवरण और ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या मोबाइल में किसी एप को अनुमति देने से पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच जरूर करें।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
