Follow

बीरभूम के ‘पत्थर सम्राट’ टुलू मंडल के सुरक्षा कवच मामले की सुनवाई फिर टली

कलकत्ता हाईकोर्ट ने राज्य से मांगी केस डायरी

न्यूज़म ब्यूरो

कोलकाता, 26 नवंबर। बीरभूम के चर्चित पत्थर कारोबारी एवं ‘पत्थर सम्राट’ के नाम से मशहूर मोहम्मद नाजिमुद्दीन उर्फ टुलू मंडल के सुरक्षा कवच से जुड़े मामले की सुनवाई एक बार फिर टल गई है। गुरुवार को मामले की सुनवाई के दौरान कलकत्ता उच्च न्यायालय ने राज्य सरकार को टुलू मंडल से संबंधित सभी मामलों की केस डायरी अदालत में पेश करने का निर्देश दिया। न्यायमूर्ति अजय कुमार मुखोपाध्याय ने कहा कि इस मामले की अगली सुनवाई आगामी मंगलवार (एक दिसंबर) को होगी।

उल्लेखनीय है कि टुलू मंडल को आगामी सात दिसंबर तक गिरफ्तारी से संरक्षण (सुरक्षा कवच) प्राप्त है।

इससे पहले गत सप्ताह भी इस मामले की सुनवाई होनी थी, लेकिन राज्य के महाधिवक्ता (एडवोकेट जनरल) सुरजीत नाथ मित्र के अदालत में अनुपस्थित रहने के कारण सुनवाई स्थगित कर दी गई थी। गुरुवार को जब मामला दोबारा पीठ के समक्ष आया, तो न्यायमूर्ति ने राज्य सरकार से टुलू के विरुद्ध दर्ज मामलों की संपूर्ण केस डायरी तलब कर ली।

Advertisement

गौरतलब है कि टुलू मंडल उच्चतम न्यायालय से सुरक्षा कवच प्राप्त करने के बाद स्वदेश लौटे हैं। शीर्ष अदालत ने निर्देश दिया था कि सात दिसंबर तक उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी। हालांकि, इस अवधि के समाप्त होते ही गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए उन्होंने एक बार फिर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है।

स्वदेश लौटने के बाद से ही टुलू मंडल लगातार जांच एजेंसियों की पूछताछ का सामना कर रहे हैं। गत शुक्रवार को सिउड़ी थाने में उनसे छह घंटे तक पूछताछ की गई थी। इसके बाद मंगलवार को उन्हें दोबारा बुलाया गया, जहां वे करीब नौ घंटे तक थाने में रहे। बुधवार को भी उनसे सिउड़ी थाने में लगभग ढाई घंटे तक पूछताछ हुई।

जिला पुलिस के साथ-साथ राज्य की अपराध जांच शाखा (सीआईडी) की नजर भी टुलू मंडल पर है। विधाननगर पुलिस आयुक्तालय के नारायणपुर थाना क्षेत्र में पांच करोड़ रुपये की बरामदगी के मामले में जांच के सिलसिले में सीआईडी ने हाल ही में उन्हें तलब किया था, जिस पर वे भवानी भवन में पेश भी हुए थे। बुधवार को भी सीआईडी ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वीरभूम के मामले में थाने में हाजिरी का हवाला देते हुए टुलू सीआईडी मुख्यालय नहीं पहुंचे।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh