Follow

सूखाग्रस्त किसानों की दिवाली मनाएगी शिवसेना, 278 तालुकों में बांटेगी 7.69 लाख राशन किट

अब तक 5.38 लाख किट वितरित, अगले मानसून तक जारी रहेगा सहायता अभियान; पार्टी की शाखाएं बनेंगी किसान सेवा केंद्र

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 5 नवंबर। महाराष्ट्र में सूखे की मार झेल रहे किसानों के परिवारों की दिवाली खुशहाल बनाने के लिए शिवसेना ने 278 तालुकों में 7 लाख 69 हजार दिवाली राशन किट वितरित करने का अभियान शुरू किया है। अब तक 5 लाख 38 हजार 500 किट बांटे जा चुके हैं, जबकि शेष किट अगले दो दिनों में वितरित किए जाएंगे। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं पूर्व सांसद आनंद परांजपे ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसानों की मदद का यह अभियान दिवाली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि अगले मानसून तक जारी रहेगा।

जनप्रतिनिधि किसानों के घर जाकर मनाएंगे दिवाली

परांजपे ने बताया कि मराठवाड़ा, नासिक, पुणे, अमरावती और नागपुर संभाग के सूखाग्रस्त किसान परिवारों को राशन किट दिए जा रहे हैं। शिवसेना के मुख्य नेता एवं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पार्टी के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों और अन्य जनप्रतिनिधियों को किसानों के खेतों और घरों तक पहुंचकर उनके साथ दिवाली मनाने के निर्देश दिए हैं। अगले तीन दिनों में जनप्रतिनिधि किसानों से मुलाकात कर सहायता पहुंचाएंगे।

Advertisement

पांच संभागों में बांटी गईं 5.37 लाख किट

आनंद परांजपे के मुताबिक, अब तक मराठवाड़ा में 1 लाख 77 हजार, नासिक में 1 लाख 35 हजार, पुणे में 82 हजार, अमरावती में 77 हजार 500 और नागपुर संभाग में 66 हजार राशन किट वितरित की गई हैं। इसके अलावा 10 हजार गन्ना मजदूरों को भी किट दी गई हैं। कोंकण में वितरण अंतिम चरण में किया जाएगा। पार्टी के डॉक्टर सेल के माध्यम से जरूरतमंदों को 5 हजार अतिरिक्त किट देने की भी योजना है।

25 हजार सिलाई मशीन और साइकिलें बांटीं

परांजपे ने बताया कि किसानों के परिवारों की महिलाओं को 25 हजार सिलाई मशीन और बेटियों को 25 हजार साइकिलें वितरित की गई हैं। इसके अलावा दिसंबर के बाद सूखाग्रस्त परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। इच्छुक परिवारों से जिला प्रमुखों के पास पंजीकरण कराने की अपील की गई है।

शिवसेना की शाखाएं बनेंगी किसान सेवा केंद्र

सूखाग्रस्त क्षेत्रों में शिवसेना की शाखाओं को ‘शेतकरी सेवा केंद्र’ यानी किसान सेवा केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इन केंद्रों पर किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, मनरेगा पंजीकरण और फसल नुकसान के पंचनामे से जुड़ी समस्याओं के समाधान में मदद मिलेगी।

304 तालुकों में सूखा घोषित

परांजपे ने बताया कि राज्य सरकार ने कुल 358 तालुकों में से 304 में सूखा घोषित किया है। शिवसेना 278 तालुकों के किसानों तक सहायता पहुंचा रही है। उन्होंने मौजूदा सूखे की गंभीरता का उल्लेख करते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सितंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर विशेष सहायता की मांग भी की थी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh