भाजपा प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (यूबीटी) सांसद पर साधा निशाना
बोले, अपनी किताब में राऊत को माल्या पर अलग अध्याय लिखना चाहिए
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 31 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता नवनाथ बन ने शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राऊत पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें भगोड़े आरोपित विजय माल्या की पैरवी कर उसे महात्मा बनाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
किताब में माल्या का जिक्र करने पर सवाल
बन ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पत्राचाल मामले में गिरफ्तारी के समय संजय राऊत ने सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा था कि क्या वह विजय माल्या हैं? लेकिन अब अपनी प्रकाशित होने वाली किताब में वह माल्या को महात्मा के रूप में पेश करने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि विजय माल्या ने बैंकों को नुकसान पहुंचाया, जबकि संजय राऊत ने पत्राचाल के मराठी लोगों को बर्बाद किया। बन ने कहा कि राऊत पहले शरद पवार और राहुल गांधी की पैरवी करते रहे हैं और अब विजय माल्या के पक्ष में बोल रहे हैं।
बैंकों के कर्ज की वसूली का दावा
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि सरकार विजय माल्या के कारण संकट में आए बैंकों के करीब 80 प्रतिशत कर्ज की वसूली के लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राऊत को अपनी किताब में एक अलग अध्याय जोड़कर बताना चाहिए कि जिस विजय माल्या को वह पहले खलनायक मानते थे, वह अब उन्हें महात्मा क्यों नजर आने लगे हैं।
महाविकास आघाड़ी पर भी आरोप
बन ने कहा कि देश के उद्योगपति अच्छा काम कर रहे हैं और युवाओं को रोजगार दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महाविकास आघाड़ी सरकार के कार्यकाल में उद्योगपतियों के घरों के बाहर बम धमाकों की साजिश रची गई थी।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
