महाराष्ट्र में जल संकट को देखते हुए सादगी से दिवाली मनाने की अपील; पटाखे और भव्य रोशनी से बचने का आग्रह
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 4 नवंबर। महाराष्ट्र में सूखे और ग्रामीण क्षेत्रों में गहराते जल संकट को देखते हुए महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने इस वर्ष शिवाजी पार्क में होने वाला दीपोत्सव रद्द कर दिया है। उन्होंने नागरिकों से दिवाली सादगी से मनाने और आतिशबाजी तथा भव्य रोशनी से परहेज करने की अपील की है।
ग्रामीण क्षेत्रों के संकट का दिया हवाला
राज ठाकरे ने कहा कि हर वर्ष शिवाजी पार्क में दीपोत्सव बड़े उत्साह से मनाया जाता है। इसमें आकर्षक रोशनी और आतिशबाजी देखने के लिए मुंबई, ठाणे सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचते हैं। लेकिन इस बार ग्रामीण इलाकों में पानी की गंभीर किल्लत और आर्थिक परेशानियों को देखते हुए भव्य आयोजन करना उचित नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने भी वर्ष 1972 से अधिक गंभीर सूखे की आशंका जताई है। ऐसे समय में ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों की परेशानियों को समझते हुए नागरिकों को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए।
दीप जलाएं, लेकिन आतिशबाजी से बचें
राज ठाकरे ने स्पष्ट किया कि यह काली दिवाली मनाने की अपील नहीं है। उन्होंने लोगों से घरों में दीप और कंदील जलाने, मिठाइयां और फराल बांटने तथा पारंपरिक तरीके से त्योहार मनाने का आग्रह किया। साथ ही अत्यधिक रोशनी और पटाखों से बचने की अपील की।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों से शहरों की ओर पलायन की आशंका जताते हुए कहा कि मौजूदा संकट को देखते हुए उत्सव की भव्यता पर संयम जरूरी है। राज ठाकरे ने उम्मीद जताई कि अगले वर्ष तक राज्य की स्थिति बेहतर होगी। अंत में उन्होंने मनसे, अपने परिवार और अपनी ओर से महाराष्ट्र के नागरिकों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
