Follow

राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने सत्ता के लालच में देश पर थोपा था आपातकाल : डा.अर्चना गुप्ता

युवा पीढ़ी को कांग्रेस के काले कारनामों का सच जानना जरूरी है : डा. अर्चना गुप्ता

नारनौल में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा – कार्यकर्ता पसीना बहाकर एक-एक वोट बटोरकर जब भाजपा की झोली में डालते हैं तब सरकारें बनती है: डा. अर्चना गुप्ता

नारनौल पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का कार्यकर्ताओं, नेताओं और नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत

नारनौल में मिले सम्मान और स्वागत से अभिभूत डा. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं, नेताओं और गणमान्य नागरिकों का आभार जताया

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

चंडीगढ़,  24 जून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ की हड्डी है और बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मेहनत ही पार्टी की जीत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मूल मंत्र है “बूथ जीता, चुनाव जीता”। जब बूथ अध्यक्ष और कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में पसीना बहाकर एक-एक वोट बटोरकर भाजपा की झोली में डालते हैं तभी भाजपा की सरकार बनती है।  डा. अर्चना गुप्ता ने इस मौके पर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया और कांग्रेस द्वारा देश पर थोपे गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कांग्रेस पार्टी ने 25 जून 1975 में आपाताकाल लगाकर संविधान की हत्या की थी।
इससे पहले कार्यक्रम में पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव पार्टी पदाधिकारियों व नेताओं ने फूलमालाओं व पुष्प गुच्छ देकर भव्य स्वागत किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने भी सभी कार्यकर्ताओं , पदाधिकारियों और नेताओं का आभार जताया।

नारनौल स्थित सीएल फार्म हाउस में स्वागत एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तथा हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी है। उन्होंने कहा कि मोदी और नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता का दायित्व है। पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय बताते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार यह भ्रम फैलाने का प्रयास करते हैं कि भाजपा संविधान बदल देगी, जबकि संविधान और लोकतंत्र को सबसे बड़ा नुकसान कांग्रेस पार्टी ने पहुंचाया था।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि राहुल को यह याद रखना चाहिए कि उनकी दादी इंदिरा गांधी ने सत्ता में बने रहने के लालच में 25 जून 1975 को आपातकाल लगाकर रातों-रात लाखों विपक्ष के नेताओं और कार्यकर्ताओं को घरों से उठाकर जेलों में बंद कर दिया। प्रेस की स्वतंत्रता समाप्त कर दी गई, मीडिया पर सेंसरशिप लगा दी गई और समाचारों को प्रकाशित करने से पहले सरकारी अनुमति आवश्यक कर दी गई थी।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि आपातकाल के दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर प्रतिबंध लगाया गया, लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक नेताओं को जेल में डालकर यातनाएं दी गईं। उन्होंने वरिष्ठ भाजपा नेताओं रामबिलास शर्मा और गोविंद भारद्वाज का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान राजनीतिक विरोधियों के साथ अमानवीय व्यवहार किया गया।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संजय गांधी के नेतृत्व में जबरन नसबंदी अभियान चलाया गया, 12 साल से लेकर बुजुर्गों तक को नसबंदी के विवश किया गया जिससे पूरे देश में त्राहि-त्राहि मंच गई। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को लगता था कि जनता इन घटनाओं को भूल जाएगी, लेकिन 1977 के चुनाव में जनता ने उसे सत्ता से बाहर कर लोकतंत्र की ताकत का परिचय दिया। डॉ. गुप्ता ने कहा कि नई पीढ़ी को कांग्रेस के काले कारनामों का सच जानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आपातकाल की सच्चाई और कांग्रेस के चरित्र के बारे में युवाओं को बताया जाना चाहिए, ताकि युवा लोकतंत्र के महत्व को समझ सकें और इतिहास से सीख ले सकें।

प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने कार्यकर्ताओं से भाजपा के विचार, सिद्धांत और सरकार की उपलब्धियों को हर गांव, चौपाल और गली तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा में गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए तेजी से कार्य हो रहा है।

प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर देते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि रासायनिक खाद और कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग से मानव स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। आज भोजन और पानी के माध्यम से जहरीले तत्व शरीर में पहुंच रहे हैं, जिससे कैंसर सहित कई गंभीर बीमारियां बढ़ रही हैं। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने और देसी गाय के गोबर व जैविक खाद के उपयोग को बढ़ावा देने की अपील की।

डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ता किसानों के बीच जाकर प्राकृतिक खेती के लाभों की जानकारी दें और उन्हें रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराएं। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज और सुरक्षित भविष्य के लिए प्राकृतिक खेती को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हरियाणा प्राकृतिक खेती के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श राज्य बन बनेगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष डा. यतेंद्र राव ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने और नारनौल आगमन से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत बनेगा।

डा. यतेंद्र राव ने कहा कि डा. अर्चना गुप्ता के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद विशेष रूप से महिला कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है और वे संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर पार्टी की रीति-नीतियों तथा मोदी और नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करेगा।

विभिन्न सामाजिक व धार्मिक संगठनों ने जगह-जगह पर किया भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का स्वागत व अभिनंदन
नारनौल में मिला सम्मान जनसेवा के प्रति मेरे संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा: डा. अर्चना गुप्ता
नारनौल पहुंचने पर भाजपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने महेंद्रगढ़ बार्डर पर गांव बूचावास में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता का पुष्पवर्षा कर जोरदार स्वागत किया। इसी तरह भालखी, टटला चौक, ग्राम पंचायत नसीबपुर में ग्रामीणों ने प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।

आर्यव्रत सेवा न्यास, जिला बार एसोसिएशन, आरडब्ल्यूए हुडा, युवा मोर्चा, रोटरी क्लब, जलेबी गली में व्यापार वर्ग, वाल्मिकी सभा, गौड ब्राह्मण सभा, जिला परिषद, सैनी समाज, अग्रवाल समाज, सोनी होटल में सर्वण समाज ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का नारनौल पहुंचने पर भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी, नायब जिंदाबाद, डा. अर्चना जिंदाबाद के खूब नारे लगाए।

अपने स्वागत से अभिभूत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने सभी सामाजिक, धार्मिक संस्थाओं, नेताओं व कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह स्वागत मेरा नहीं, बल्कि हर कर्मठ कार्यकर्ता का स्वागत है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि नारनौल में जो स्वागत और सम्मान मिला है यह जनसेवा के प्रति मेरे संकल्प को और अधिक मजबूत करेगा।

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, नारनौल विधायक ओम प्रकाश यादव, महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह यादव, पूर्व मंत्री डा. अभय सिंह यादव, पूर्व विधायक सीताराम यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष दयाराम यादव व अजीत कलवाड़ी, प्रदेश मीडिया प्रभारी अरविंद सैनी, मीडिया पैनलिस्ट एडवोकेट राकेश शर्मा, मुकेश गौड़, वरिष्ठ भाजपा नेता गोविंद भारद्वाज, महेंद्रगढ़ प्रभारी मुकेश गौड, मोहित चौधरी, महामंत्री किशन लाल सैनी व योगेश शास्त्री, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह मंढाना, शिवरतन, पुरनचंद गोठड़ी, सुगन चंद सैनी, जिला मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल, सह मीडिया प्रभारी सोमदेव, मनीष संघी, संदीप मालडा, सपना गुप्ता, अर्चना ठाकुर, भवानी शंकर, संजय अमन, मार्केट कमेटी अध्यक्ष बाबूलाल यादव, महेंद्रगढ़ नगर परिषद अध्यक्ष रमेश सैनी, नारनौल नगर परिषद अध्यक्ष कमलेश सैनी, नारनौल मंडल अध्यक्ष हेमंत चौबे, कमल वशिष्ठ सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता व नागरिक मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh