3.8 किमी तैराकी, 180 किमी साइकिलिंग और 42 किमी दौड़ पूरी कर रचा इतिहास, मीरा-भाईंदर पुलिस आयुक्तालय की पहली महिला फुल आयरनमैन बनीं
न्यूज़म ब्यूरो
मीरा-भाईंदर, 20 नवंबर। हौसले और मेहनत के दम पर मुश्किलों को मात देकर मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस आयुक्तालय में कार्यरत रेशमा कुटे ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वियतनाम में आयोजित प्रतियोगिता में फुल आयरनमैन का खिताब जीतकर उन्होंने इतिहास रच दिया। वह मीरा-भाईंदर शहर और पुलिस आयुक्तालय की पहली महिला फुल आयरनमैन बन गई हैं। मूल रूप से पुणे जिले के जुन्नर तालुका स्थित नेटवाड गांव की रहने वाली रेशमा की इस सफलता से पुलिस विभाग और शहर में गर्व का माहौल है।
तीन कठिन स्पर्धाएं, एक ऐतिहासिक उपलब्धि
फुल आयरनमैन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को निर्धारित समय के भीतर 3.8 किलोमीटर तैराकी, 180 किलोमीटर साइकिलिंग और 42 किलोमीटर दौड़ पूरी करनी होती है। रेशमा ने तीनों चुनौतियों को सफलतापूर्वक पूरा कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता से पहले उनकी मुश्किलें तब बढ़ गईं, जब एयरलाइंस के नियमों में अचानक बदलाव के कारण उनकी अभ्यास वाली साइकिल मुंबई एयरपोर्ट पर ही छूट गई। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। वियतनाम में खरीदी गई साइकिल में तकनीकी खामियां होने के बावजूद उन्होंने 180 किलोमीटर की साइकिलिंग पूरी की और अपना लक्ष्य हासिल किया।
चोट के बाद सात साल तक खेलों से रहीं दूर
रेशमा की इस सफलता के पीछे संघर्ष और दृढ़ इच्छाशक्ति की लंबी कहानी है। वर्ष 2011 में घुटने में गंभीर चोट लगने के कारण उन्हें करीब सात साल तक खेल गतिविधियों से दूर रहना पड़ा। वर्ष 2019 में सर्जरी के बाद उन्होंने दोबारा अभ्यास शुरू किया। शुरुआत महज 10 किलोमीटर की वॉक से की थी। धीरे-धीरे उन्होंने अपनी फिटनेस और सहनशक्ति बढ़ाई और 161 किलोमीटर यानी 100 मील की अल्ट्रा मैराथन जैसी कठिन स्पर्धाओं में हिस्सा लेने लगीं।
75 से अधिक प्रतियोगिताओं में ले चुकी हैं हिस्सा
पुलिस की जिम्मेदारियों और कठिन ड्यूटी के साथ रेशमा अब तक भारत और विदेशों में 75 से अधिक मैराथन और खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं। पिछले वर्ष दक्षिण अफ्रीका की प्रतिष्ठित कॉमरेड्स मैराथन में उन्होंने कांस्य पदक हासिल किया था। इसके अलावा 161 किलोमीटर की ओपन महिला स्पर्धा में शीर्ष पांच धावकों में जगह बनाई थी।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा
बचपन से ही पढ़ाई और खेलों में रुचि रखने वाली रेशमा का मानना है कि सफलता एक दिन में नहीं मिलती। इसके लिए लगातार मेहनत, अनुशासन और धैर्य जरूरी है। उनका संदेश है कि अवसरों का इंतजार करने के बजाय उन्हें खुद तैयार करना चाहिए। पुलिस सेवा की जिम्मेदारियां निभाते हुए अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर पहचान बनाने वाली रेशमा की उपलब्धि महिला सशक्तिकरण की मिसाल है। उनका सफर उन युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
