30 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हुआ 180 मीटर लंबा फाउंटेन, 40 मीटर ऊंचाई तक उठेंगी पानी की धाराएं; मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा आज करेंगे उद्घाटन
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 21 नवंबर। मुंबई के पर्यटन आकर्षण में जल्द ही एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पवई तालाब स्थित गणेश घाट पर अत्याधुनिक म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो शुरू किया जा रहा है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस 180 मीटर लंबे म्यूजिकल फाउंटेन को देश के सबसे बड़े फाउंटेन में शामिल किए जाने की योजना है। इसके माध्यम से छत्रपति शिवाजी महाराज और मराठों के शौर्य एवं पराक्रम की गौरवगाथा को आधुनिक तकनीक के जरिए भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा रविवार शाम 7 बजे इसका उद्घाटन करेंगे।
मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के प्रयासों से मिली परियोजना को मंजूरी
इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए मुंबई उपनगर जिला नियोजन एवं विकास समिति के माध्यम से निधि उपलब्ध कराई गई है। मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के प्रयासों से इस परियोजना को गति मिली। मुंबई उपनगर के जिलाधिकारी ने म्हाडा को इसकी कार्यान्वयन एजेंसी नियुक्त किया था। म्हाडा के माध्यम से निर्माण कार्य पूरा किया गया है। परियोजना के लिए महानगरपालिका से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) भी प्राप्त किया गया है। म्हाडा, बीएमसी और ठेकेदार के बीच त्रिपक्षीय समझौता किया गया है।
तीन फिल्मों के जरिए दिखेगा महाराष्ट्र और मुंबई का गौरवशाली इतिहास
इस परियोजना के तहत विश्वस्तरीय मल्टीमीडिया लाइट एंड साउंड शो तैयार किया गया है। इसमें म्यूजिकल फाउंटेन, वॉटर स्क्रीन और फायर जेट्स का इस्तेमाल किया जाएगा। विशेष दृश्य प्रभावों के माध्यम से तीन अलग-अलग फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें मराठों का गौरवशाली इतिहास और पराक्रम, महाराष्ट्र की संस्कृति एवं वैभव तथा मुंबई की गौरवशाली कहानी को दर्शाया जाएगा। संगीत, रोशनी, लेजर और पानी के फव्वारों के संगम से दर्शकों को अनूठा दृश्य-श्रव्य अनुभव मिलेगा।
40 मीटर ऊंचाई तक उठेंगी पानी की धाराएं
म्यूजिकल फाउंटेन में अत्याधुनिक डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। इसकी पूरी प्रणाली डिजिटल तरीके से प्रोग्राम की गई है। फाउंटेन से पानी की धाराएं करीब 40 मीटर यानी 130 फीट की ऊंचाई तक उठेंगी। इसके अलावा 27 फायर जेट्स भी लगाए गए हैं। रनिंग फाउंटेन चेजर्स, थ्रीडी स्विंग नॉजेल्स और फैन जेट्स के जरिए पानी की अलग-अलग आकर्षक आकृतियां बनाई जाएंगी। संगीत की धुन पर थिरकते फव्वारे, आग की लपटें और वॉटर स्क्रीन पर प्रोजेक्शन एवं लेजर इमेज शो के प्रमुख आकर्षण होंगे।
प्रतिदिन 30 लाख लीटर पानी में होगा एरेशन
इस परियोजना का उद्देश्य केवल पर्यटन को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि तालाब के पानी में एरेशन यानी हवा मिलाने की प्रक्रिया को भी प्रोत्साहित करना है। इसके तहत प्रतिदिन करीब 30 लाख लीटर पानी में हवा मिलाने की प्रक्रिया होगी। इससे पानी में घुलित ऑक्सीजन का स्तर बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा आसपास के तापमान में कमी, वाष्पीकरण से ठंडक और वायु गुणवत्ता में सुधार जैसे संभावित पर्यावरणीय लाभ भी बताए गए हैं।
पर्यटकों के लिए सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं
म्यूजिकल फाउंटेन के संचालन के लिए स्वतंत्र कंट्रोल रूम, प्रशिक्षित कर्मचारी, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए डीजी सेट की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा सुरक्षा गार्ड, प्राथमिक उपचार सुविधा, प्लास्टिक की कुर्सियां और व्हीलचेयर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। प्रतिदिन लगभग तीन घंटे की अवधि में तीन शो आयोजित करने की योजना है। परियोजना की निविदा में तीन वर्षों के रखरखाव एवं मरम्मत तथा परियोजना पूरी होने के बाद पांच वर्षों तक संचालन का प्रावधान किया गया है।
जलीय जीवों की सुरक्षा का रखा जाएगा ध्यान
परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और तालाब के जलीय जीवों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है। फाउंटेन में केवल एलईडी लाइटों का इस्तेमाल होगा और रोशनी पानी की सतह से ऊपर की दिशा में रखी जाएगी। ध्वनि की तीव्रता भी निर्धारित डेसीबल सीमा के भीतर रखने का प्रावधान है। संबंधित विभाग के अनुसार, पर्यावरणीय नियमों का पालन करते हुए इस परियोजना को विकसित किया गया है।
मुंबई को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी नई पहचान : लोढ़ा
कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का गौरवशाली इतिहास और मराठों का पराक्रम आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य है। पवई तालाब की सुंदरता बढ़ाने के साथ मुंबई के पर्यटन विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया गया है। इससे पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। मुंबई को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुख स्थान दिलाने के लिए ऐसे नवाचारपूर्ण उपक्रम आगे भी शुरू किए जाएंगे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


