Follow

एक दिन में 200 से अधिक उड़ानों का संचालन, बनाया नया रिकॉर्ड

जीत अदाणी ने सोशल मीडिया पर साझा की उपलब्धि, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के स्थानांतरण से बढ़ेगा परिचालन का दायरा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 20 नवंबर। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (NMIA) ने अपने परिचालन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। गुरुवार को यहां एक ही दिन में 200 से अधिक उड़ानों का संचालन किया गया, जो हवाईअड्डे के शुरू होने के बाद अब तक का सबसे बड़ा दैनिक आंकड़ा है। अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के निदेशक जीत अदाणी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर यह जानकारी साझा की।

जीत अदाणी ने इस उपलब्धि को हवाईअड्डे की बढ़ती परिचालन क्षमता और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि सुनियोजित तैयारियों, टीमवर्क और कर्मचारियों की मेहनत से यह मुकाम हासिल हुआ है। यह उपलब्धि भविष्य में और बड़े स्तर पर उड़ानों के संचालन की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार करेगी।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को स्थानांतरित करने की तैयारी

Advertisement

मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (CSMIA) के टर्मिनल-1 के पुनर्विकास की योजना के तहत कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। सीएसएमआईए से परिचालन करने वाली कई विदेशी एयरलाइंस ने भी इस संबंध में सुझाव दिया है। वहीं, इंडिगो, एयर इंडिया समूह और अकासा एयर पहले ही अपनी कुछ उड़ान सेवाएं नवी मुंबई से संचालित करने पर सहमति जता चुकी हैं।

सीएसएमआईए की क्षमता में भी होगा विस्तार

फिलहाल सीएसएमआईए की यात्री क्षमता सालाना करीब 5.5 करोड़ है। प्रस्तावित योजना के तहत लगभग 50 लाख यात्रियों का वार्षिक यातायात नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने का लक्ष्य है। इसके बावजूद मुंबई के मौजूदा हवाईअड्डे का करीब 91 प्रतिशत यात्री यातायात प्रभावित नहीं होगा। टर्मिनल-1 और टर्मिनल-2 के पुनर्विकास के बाद सीएसएमआईए की क्षमता बढ़कर सालाना 6.5 करोड़ यात्रियों तक पहुंचने का अनुमान है।

एनएस27 में अतिरिक्त स्लॉट स्थानांतरण की योजना

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के स्थानांतरण की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने की तैयारी है। प्रमुख एयरलाइंस ने ऐसी उड़ानों की योजना बनाई है, जिनसे सालाना करीब 30 लाख यात्रियों का यातायात नवी मुंबई एयरपोर्ट को मिलेगा। वहीं, 50 लाख यात्रियों के स्थानांतरण का लक्ष्य पूरा करने के लिए मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने 2027 के उत्तरी ग्रीष्मकालीन शेड्यूल (NS27) में अतिरिक्त उड़ान स्लॉट नवी मुंबई एयरपोर्ट को देने का प्रस्ताव रखा है। इस व्यवस्था से दोनों हवाईअड्डों के बीच यातायात का संतुलन बनाने और परिचालन संबंधी बाधाएं कम करने में मदद मिलेगी।

पीपीपी मॉडल पर विकसित हो रहा हवाईअड्डा

नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का विकास और संचालन नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (NMIAL) कर रही है। यह अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड और महाराष्ट्र सरकार की सिटी एंड इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (सिडको) की सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी) परियोजना है।

मुंबई महानगर क्षेत्र के दूसरे अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के रूप में एनएमआईए को पश्चिमी भारत के प्रमुख विमानन केंद्र के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इससे छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर बढ़ते यातायात का दबाव कम होने के साथ नवी मुंबई में आर्थिक गतिविधियों और शहरी विकास को भी गति मिलने की उम्मीद है। परियोजना पूरी होने पर हवाईअड्डे की सालाना यात्री क्षमता 9 करोड़ तक पहुंच जाएगी। शुरुआती चरण में यह 2 करोड़ यात्रियों को संभाल सकेगा। इसके अलावा यहां अत्याधुनिक सुविधाओं के जरिए सालाना करीब 5 लाख मीट्रिक टन माल ढुलाई (कार्गो) की क्षमता भी विकसित की जा रही है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh