Follow

जयराम का सवाल, पुलिस ने जो 6 करोड़ का नशा पकड़ा, कौन है उसे मंगवाने वाला सप्लायर?

नशे से जिंदगियां बर्बाद होने के साथ जानलेवा बीमारियां भी फैल रही, सरकार नाकाम: जयराम ठाकुर

प्रदेश में दो साल में एचआईवी के मामलों में लगभग डेढ़ गुना वृद्धि और सुई से संक्रमित होने का आंकड़ा चिंताजनक

न्यूज़म ब्यूरो

शिमला, 13 अगस्त। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में नशा माफिया पूरी तरह बेकाबू है। नशा रोकने में सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। प्रभावी कार्रवाई करने की बजाय इवेंट और वॉकथॉन का आयोजन किया जा रहा है। परिणाम प्रदेश के सामने है। लोग नशे की चपेट में आ रहे हैं, परिवार के परिवार तबाह हो रहे हैं। सड़कों पर युवा नशे की ओवरडोज से अपनी जान गंवा रहे हैं। प्रदेश में नशा कारोबार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि एक-एक व्यक्ति से करोड़ों रुपये के नशे के सामान की रिकवरी हो रही है। हाल ही में पुलिस द्वारा छह करोड़ रुपये से ज्यादा का नशे का सामान एक साथ बरामद करने का दावा किया गया। सरकार को यह भी बताना चाहिए कि इतनी बड़ी खेप कौन मंगवा रहा था और इस पूरे नेटवर्क का किंगपिन कौन है? प्रदेश में नशे की इतनी बड़ी-बड़ी खेप यदि पहुंच रही है तो इससे साफ अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रदेश में नशा किस कदर व्याप्त है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि हाल ही में सामने आए एचआईवी-एड्स से जुड़े आंकड़े बहुत हैरान करने वाले हैं। इन आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में बीते दो वर्षों में एचआईवी के मामलों में 1.5 गुना वृद्धि हुई है। इन आंकड़ों में सबसे हैरान करने वाला आंकड़ा यह है कि पिछले एक वर्ष में एचआईवी के मामलों में जो वृद्धि हुई है, उसमें 19 प्रतिशत मामले सिरिंज के बार-बार इस्तेमाल के कारण हुए हैं। अस्पताल और चिकित्सा संस्थानों में सिरिंज का बार-बार उपयोग नहीं होता। तमाम रिपोर्ट बताती हैं कि सिरिंज का बार-बार इस्तेमाल नशा लेने के लिए ही किया जाता है। नशा कर रहे लोग न खुद अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं, बल्कि औरों को भी जानलेवा बीमारी का दंश दे रहे हैं। यह स्थिति बहुत ही घातक है और सरकार इसके लिए जिम्मेदार है, क्योंकि सरकार ने नशे के प्रसार और कारोबार पर रोक लगाने के लिए गंभीरता से प्रयास करने की बजाय सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट का ही काम किया है। बहुत से प्रभावशाली लोगों के नाम भी नशे के कारोबार को संरक्षण देने में सामने आए हैं, लेकिन सरकार द्वारा उन पर कोई प्रभावी कार्रवाई भी नहीं की गई है।
Advertisement

जयराम ठाकुर ने कहा कि नशा प्रदेश के लिए अभिशाप है। आए दिन प्रदेश में हत्या और नशे से होने वाली मौतों की खबरें समाचार पत्रों की सुर्खियां बन रही हैं। यह सुनकर मन को अपार कष्ट होता है। एक-एक जिंदगी अनमोल है। हम उन्हें नशे की भेंट नहीं चढ़ने दे सकते हैं। इससे मुक्ति के लिए सरकार को पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता से प्रयास करने चाहिए। भारतीय जनता पार्टी नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई में सरकार के साथ है। प्रदेश के युवाओं से भी अपील है कि नशे से दूर रहने का संकल्प लें तथा औरों को भी प्रेरित करें। जनसहयोग से ही नशे को समूल नष्ट किया जा सकता है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh