ड्रोन शो के दौरान नियंत्रण से बाहर हुए दो ड्रोन चर्चगेट स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर आ गिरे। हादसे में 37 वर्षीय यात्री के सिर पर चोट लगी।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 30 अक्टूबर। मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन पर 28 अक्टूबर की रात एक हैरान करने वाली घटना सामने आई। स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर अचानक दो ड्रोन आकर गिर गए। इनमें से एक ड्रोन की चपेट में आने से 37 वर्षीय यात्री घायल हो गया। शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों ड्रोन वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित ड्रोन शो का हिस्सा थे।
यह घटना रात करीब 8:10 बजे हुई। उस समय प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर विरार की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन के इंतजार में यात्री खड़े थे। इसी दौरान एक ड्रोन अचानक हेमंत प्रकाश महोत्सवकर के सिर से टकरा गया। टक्कर लगने से उनके सिर में चोट आई और खून बहने लगा।
सुरक्षा कर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना की जानकारी मिलते ही एएसआई शंकरलाल मीणा, हेड कांस्टेबल गौरव परमार और महाराष्ट्र सुरक्षा बल के जवान आकाश गायकवाड मौके पर पहुंचे। घायल यात्री को पहले 108 एंबुलेंस में मौजूद डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी की गई।
रेलवे पुलिस के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद हेमंत ने घर जाने की इच्छा जताई और लिखित बयान भी दिया। हालांकि, करीब 15 मिनट बाद उन्होंने आगे उपचार की जरूरत बताई। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से जीटी अस्पताल पहुंचाया गया।
चर्चगेट जीआरपी ने दोनों ड्रोन कब्जे में लिए
चर्चगेट जीआरपी ने घटनास्थल पर गिरे दोनों ड्रोन अपने कब्जे में ले लिए हैं। शुरुआती जांच में इनके वानखेड़े स्टेडियम में हुए ड्रोन शो का हिस्सा होने की जानकारी सामने आई है। आशंका जताई जा रही है कि नियंत्रण खोने या तकनीकी खराबी के कारण ड्रोन स्टेडियम से भटककर रेलवे स्टेशन तक पहुंच गए।
स्टेडियम से स्टेशन तक कैसे पहुंचे ड्रोन?
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वानखेड़े स्टेडियम में हुए ड्रोन शो के दौरान ये ड्रोन चर्चगेट स्टेशन तक कैसे पहुंचे। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि इस घटना के पीछे तकनीकी खराबी थी या सुरक्षा मानकों के पालन में कोई लापरवाही हुई।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
