कहा कि मान परिवार और उनके समर्थकों को जिला परिषद चुनाव लड़ने से रोकने के लिए झूठा मामला दर्ज किया गया: सरदार अर्शदीप सिंह कलेर
चंडीगढ़ / 01दिसंबर। शिरोमणी अकाली दल ने आज वरिष्ठ नेता वरदेव सिंह मान के परिवार और समर्थकों को झूठे मामले में नामजद करके जिला परिषद चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश करने के लिए आम आदमी पार्टी की निंदा की है।
आज यहां एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए पार्टी की लीगल सेल के अध्यक्ष सरदार अर्शदीप सिंह कलेर ने कहा है कि पंजाब पुलिस अब दावा कर रही है कि हाईकोर्ट में एक गलत बंदी प्रत्यक्षीकरण रिट दायर की गई थी, जिसमें वरदेव मान के निजी सहायक मनीष की छह महीने पहले जलालाबाद के एक थाने में बरामदगी दिखाई गई है।
उन्होने कहा कि मनीष को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के वारंट आॅफिसर ने अवैध हिरासत में बरामद किया था, लेकिन पंजाब पुलिस अब दावा कर रही है कि मनीष को वारंट आॅफिसर के वाहन से थाने लाया गया था।
सरदार कलेर ने कहा कि वरदेव मान के परिवार को जिला परिषद और ब्लाॅक समिति का चुनाव लड़ने से रोकने के लिए झूठी एफआईआर का इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होने कहा कि झूठे केस में नामजद लोगों में वरदेव मान, उनके भाई नरदेव मान और गुरसेवक मान, रिश्तेदार हरमन , जिला परिषद उम्मीदवार हरभिंदर सिंह और उनके निजी सहायक मनीष शामिल हैं।
उन्होने कहा,‘‘ यह बेहद निंदनीय है कि यह नया मामला उच्च न्यायालय को सूचित किए बिना दर्ज किया गया , इससे यह पता चलता है कि पंजाब पुलिस अदालत के फैसलों का कोई सम्मान नही करती है।’’
अकाली दल के लीगल सेल अध्यक्ष ने कहा कि वरदेव मान और उनके भाई नरदेव के खिलाफ दर्ज किया गया पिछला मामला , जिसमें अदालत में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर करने और मनीष की बरामदगी जरूरी थी, वह भी झूठा था।
उन्होने कहा,‘‘ मान बंधुओं पर जलालाबाद में खंड विकास अधिकारी के कमरे में घुसने और गोलाबारी करने का आरोप है। सरकार इस घटना का कोई सीसीटीवी फुटेज पेश नही कर पाई और यहां तक कि फोरेेंसिक प्रयोगशाला ने यह रिपोर्ट दी थी कि कथित घटना में मान बंधुओं के किसी लाइसेंस हथियार का इस्तेमाल नही किया गया था।’’
यह कहते हुए कि ये सभी झूठे मामले जलालाबाद से आप विधायक गोल्डी कंबोज के इशारे पर दर्ज किए जा रहे हैं, अकाली नेता ने पुलिस अधिकारियों से आप नेताओं के अवैध आदेशों का पालन न करने का आग्रह किया।
उन्होने कहा कि कंचनप्रीत कौर के मामले की तरह पार्टी मान बंधुओं, उनके रिश्तेदारों और पार्टी के जिला परिषद उम्मीदवार के खिलाफ दर्ज झूठे मामले को उच्च न्यायालय में उठाएगा। उन्होने कहा,‘‘ हमें इस मामले में भी न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है।’’
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।