अगले एक-दो दिनों में तीनों दलों के वरिष्ठ नेताओं की बैठक, हार के कारणों और भविष्य की रणनीति पर होगी चर्चा
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 29 अक्टूबर । विधान परिषद चुनाव में झटका लगने के बाद महायुति में बढ़ते आरोप-प्रत्यारोप के बीच तीनों घटक दलों ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का फैसला किया है। अगले एक-दो दिनों में होने वाली इस बैठक में चुनाव में हार के कारणों की समीक्षा करने, आपसी मतभेद दूर करने और आगे की रणनीति पर चर्चा की जाएगी।
तीनों दलों में आरोप-प्रत्यारोप
विधान परिषद की पांच सीटों के चुनाव में महायुति को केवल दो सीटों पर जीत मिली, जबकि विपक्षी महाविकास आघाड़ी ने तीन सीटें हासिल कीं। नागपुर शिक्षक सीट पर भाजपा की हार को भी महायुति के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। नतीजों के बाद गठबंधन के घटक दलों के बीच तनाव बढ़ गया है। भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) ने हार के लिए एकनाथ शिंदे की शिवसेना को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि शिंदे गुट ने भी भाजपा पर सवाल उठाए हैं।
डैमेज कंट्रोल पर होगा विचार
बढ़ते मतभेदों के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित वरिष्ठ नेताओं की बैठक में चुनावी नतीजों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही, गठबंधन में समन्वय बढ़ाने और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के उपायों पर चर्चा होने की संभावना है।
इस बीच, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण अपनी रिपोर्ट लेकर अगले कुछ दिनों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलने दिल्ली जा सकते हैं। चर्चा है कि चुनाव में प्रदर्शन की समीक्षा के बाद पार्टी के कुछ पदाधिकारियों पर कार्रवाई हो सकती है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
