श्रद्धालुओं को मिलेंगी बुनियादी सुविधाएं,जुहू चौपाटी पर पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 29 अक्टूबर। मुंबई में छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयोजन की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) सिंगल विंडो योजना लागू करेगी। इसके तहत कृत्रिम तालाब, स्वच्छता, पीने का पानी, शौचालय, विद्युत रोशनी और कपड़े बदलने के लिए कमरे जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इस संबंध में गुरुवार को महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में निर्णय लिया गया। बैठक में 20 से अधिक छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने अपनी मांगें और सुझाव रखे।
जुहू चौपाटी पर पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
मुंबई के मढ़-मार्वे, जुहू चौपाटी, गिरगांव चौपाटी, दादर चौपाटी और बाणगंगा सहित विभिन्न स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन किया जाता है। जुहू चौपाटी पर लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए समितियों ने पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की। प्रतिनिधियों ने सार्वजनिक शौचालय, पीने के पानी, कपड़े बदलने के लिए अलग कमरे और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था करने पर जोर दिया।
प्रत्येक स्थान पर नियुक्त होंगे नोडल अधिकारी
छठ पूजा समितियों की मांगों पर विचार करते हुए महानगरपालिका ने आवश्यकतानुसार कृत्रिम तालाब बनाने और पूजा स्थलों पर अग्निशमन दल, सीसीटीवी कैमरे, विद्युत रोशनी तथा चलित शौचालयों की व्यवस्था करने का आश्वासन दिया। सभी चौपाटियों की पूजा से पहले सफाई करने और गिरगांव चौपाटी पर पूजा-अर्चना के लिए मंच बनाने की मांग भी बैठक में रखी गई।
आयोजन की अनुमति के लिए महानगरपालिका के संबंधित विभागीय कार्यालयों में सिंगल विंडो व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए जाएंगे। इसके अलावा, प्रत्येक पूजा स्थल पर समन्वय के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, ताकि व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
श्रद्धालुओं को असुविधा न हो : अश्विनी भिड़े
महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े ने आश्वासन दिया कि अन्य त्योहारों की तरह छठ पूजा के लिए भी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
छठ पूजा स्थलों पर बेहतर व्यवस्था की अपील
कैबिनेट मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा ने महानगरपालिका से छठ पूजा स्थलों पर स्वच्छता, कृत्रिम तालाब, पीने का पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सिंगल विंडो योजना से अनुमति प्रक्रिया सरल होगी और श्रद्धालुओं को होने वाली असुविधा कम होगी। मुंबई की समावेशी संस्कृति को बनाए रखते हुए छठ पूजा का आयोजन सुरक्षित और उत्साहपूर्वक संपन्न होना चाहिए।
बैठक में भाजपा मुंबई महामंत्री आचार्य पवन त्रिपाठी, नगरसेवक बाला तावडे, महानगरपालिका के अधिकारी तथा छठ पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
