Follow

अवैध शराब बनाते समय सिलेंडर में धमाका, युवक की मौत; सबूत मिटाने के लिए शव जलाने का आरोप

हादसे में दो लोग गंभीर रूप से झुलसे थे। पुलिस से बचने के लिए घटनास्थल पर डीजल डालकर आग लगाने और मामले को छिपाने की कोशिश का भी आरोप है।

राहुल गुप्ता

भाईंदर, 5 नवंबर। महाराष्ट्र के भाईंदर पश्चिम स्थित उत्तन इलाके में अवैध शराब बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। इस हादसे में 32 वर्षीय रितू चौधरी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। आरोप है कि अवैध शराब के कारोबार का खुलासा होने और पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए आरोपियों ने युवक का शव जला दिया। इसके अलावा घटनास्थल पर बने कमरे में डीजल डालकर आग लगा दी गई, ताकि सबूत मिटाए जा सकें।

मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच ने मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी सैबेस्टियन मेंडोसा को इगतपुरी से गिरफ्तार किया है।

सरकारी जमीन पर चल रहा था अवैध शराब का कारोबार

Advertisement

पुलिस की जांच में सामने आया कि उत्तन इलाके में सरकारी जमीन पर कब्जा करके अवैध शराब बनाने का कारोबार चलाया जा रहा था। इस काम में सैबेस्टियन मेंडोसा, उसका भाई संदीप मेंडोसा और 32 वर्षीय रितू चौधरी शामिल थे। यहां कथित तौर पर खतरनाक तरीके से शराब तैयार की जाती थी।

बताया जा रहा है कि घटना के दिन तीनों अवैध शराब बनाने के लिए पानी गर्म कर रहे थे। इसी दौरान गैस सिलेंडर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके के कारण सिलेंडर और गर्म पानी रखने वाला बर्तन उछलकर दूर जा गिरा।

हादसे में रितू चौधरी बुरी तरह झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, सैबेस्टियन और संदीप गर्म पानी की चपेट में आने से घायल हो गए।

शव जलाकर सबूत मिटाने का आरोप

आरोप है कि युवक की मौत के बाद अवैध शराब के कारोबार का खुलासा होने और पुलिस कार्रवाई के डर से आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की। इसके तहत मृतक का शव जला दिया गया। घटनास्थल पर मौजूद कमरे में भी डीजल डालकर आग लगा दी गई, ताकि हादसे से जुड़े सबूत नष्ट किए जा सकें।

पुलिस के मुताबिक, मामले में जांच को भटकाने की भी कोशिश की गई। मृतक की पत्नी ने भी पुलिस को गलत जानकारी दी थी। जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने मामले की पड़ताल तेज कर दी।

इगतपुरी से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मीरा-भाईंदर क्राइम ब्रांच ने जांच के दौरान मुख्य आरोपी सैबेस्टियन मेंडोसा का पता लगाया और उसे इगतपुरी से गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि सैबेस्टियन पहले से तड़ीपार अपराधी है।

पुलिस अब उसके भाई संदीप मेंडोसा और मामले से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh