Follow

प्रेमिका से विवाद पड़ा महंगा, खुल गया राज, आयोग का अधिकारी निकला मास्टरमाइंड

ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में धांधली का मामला; क्राइम ब्रांच ने 3 हजार पन्ने का चार्जशीट दाखिल की, 15 आरोपी नामजद

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 25 नवंबर । महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले में 3 हजार से अधिक पन्नों की पहली चार्जशीट स्पेशल एंटी करप्शन ब्यूरो कोर्ट में दाखिल की है। जांच में MPSC के असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर विश्वेश्वर नकाटे को पेपर लीक का मुख्य सूत्रधार बताया गया है।

पद का दुरुपयोग कर लीक किए 300 सवाल

जांच के अनुसार, नवी मुंबई स्थित MPSC कार्यालय में नकाटे के पास प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी। आरोप है कि उन्होंने इस जिम्मेदारी का दुरुपयोग करते हुए अपने लैपटॉप पर 300 प्रश्न तैयार किए। इसके बाद उनका प्रिंट निकालकर कार्यालय के पार्किंग परिसर में संबंधित लोगों तक पहुंचाया। पेपर लीक का खुलासा होने के बाद खुद को बचाने के लिए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी एवं अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे को भी मामले में फंसाने की कोशिश की।

Advertisement

15 आरोपी नामजद, छह के खिलाफ ठोस सबूत

चार्जशीट में गिरफ्तार 13 आरोपियों के अलावा दो फरार आरोपियों को भी नामजद किया गया है। जांच एजेंसी ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत अदालत में पेश किए हैं। अगस्त में गिरफ्तार किए गए तीन MPSC अधिकारियों की भूमिका की भी जांच जारी है। शेष आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक चार्जशीट दाखिल किए जाने की संभावना है। सभी गिरफ्तार आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं।

शादी की जिद और पारिवारिक विरोध से बिगड़े रिश्ते

इस मामले का खुलासा प्रेम संबंधों में आए विवाद के बाद हुआ। जांच में परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली आरोपी रुतुजा पाटिल और पेपर लीक का खुलासा करने वाले लोकेश उर्फ गौरव पाटिल के संबंधों की जानकारी सामने आई है।

आरोप है कि परीक्षा से पहले रुतुजा को प्रश्न उपलब्ध करा दिए गए थे। वह गौरव से शादी करना चाहती थीं, लेकिन परीक्षा के बाद परिवार के विरोध और माता-पिता की आत्महत्या की धमकी के चलते उन्होंने गौरव से दूरी बना ली। इससे दोनों के बीच विवाद और नाराजगी बढ़ गई। इसी के बाद गौरव ने परीक्षा में पेपर लीक होने की जानकारी उजागर की।

अधिकारियों की भूमिका भी जांच के घेरे में

चार्जशीट में रुतुजा के पिता अमृत पाटिल, बिचौलिये प्रवीण पाटिल और MPSC अधिकारियों विश्वेश्वर नकाटे, अभिजीत लेंडवे तथा गोपाल मराठे के नाम शामिल हैं। जांच एजेंसी की पड़ताल में सामने आए तथ्यों से भर्ती परीक्षा की गोपनीयता और आयोग के अधिकारियों की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh