बदलापुर के पास समृद्धि महामार्ग पर पुलिस ने बिछाया जाल, बच्चे को सकुशल परिजनों को सौंपा
न्यूज़म ब्यूरो
अंबरनाथ, 25 नवंबर। अंबरनाथ के फुले नगर इलाके में 11 वर्षीय बच्चे के अपहरण और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। अंबरनाथ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज चार घंटे के भीतर आरोपी को बदलापुर के पास समृद्धि महामार्ग पर जाल बिछाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता के हवाले कर दिया।
अपहृत बच्चे की पहचान केतन जनक धर्माई (11) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम केतन फुले नगर स्थित पटेल बिल्डिंग के पास खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी ने उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद बच्चे के पिता जनक धर्माई को फोन कर बेटे की रिहाई के बदले पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी।
एक लाख रुपये देने का बनाया बहाना
बेटे के अपहरण की जानकारी मिलते ही पिता ने तत्काल अंबरनाथ पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने अपहरणकर्ता को पकड़ने के लिए योजना बनाई और पिता से फोन पर बातचीत जारी रखने को कहा। पुलिस के निर्देश पर पिता ने खुद को आर्थिक रूप से कमजोर बताते हुए केवल एक लाख रुपये देने की बात कही। आरोपी इसके लिए तैयार हो गया और रकम लेकर बदलापुर के पास समृद्धि महामार्ग पर बुलाया।
जैसे ही आरोपी फिरौती की रकम लेने पहुंचा, पहले से सादे कपड़ों में तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। पुलिस ने बच्चे को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
कर्ज चुकाने के लिए रची अपहरण की साजिश
पुलिस ने मुख्य आरोपी अकीक सलीम खान (19) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के साथ मौके पर एक नाबालिग लड़का भी मौजूद था। उसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने पांच हजार रुपये ब्याज पर उधार लिए थे, जो बढ़कर 80 हजार रुपये हो गए थे। कर्जदारों की ओर से लगातार दबाव बनाए जाने के कारण उसने पैसों का इंतजाम करने के लिए बच्चे के अपहरण की साजिश रची।
बच्चे की सुरक्षित वापसी से परिवार ने ली राहत की सांस
रात करीब 12 बजे जब आरोपी को पुलिस स्टेशन लाया गया, तब फुले नगर के दर्जनों निवासी वहां जमा हो गए थे। बच्चे के सकुशल मिलने की खबर से उसके माता-पिता और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या उसने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
