Follow

पति की हत्या के आरोप से बरी पत्नी को मिलेगा संपत्ति में हिस्सा

हाईकोर्ट ने खारिज की ससुराल पक्ष की अपील,पहले सुनाई गई थी आजीवन कारावास की सजा

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 25 नवंबर। बॉम्बे हाईकोर्ट की औरंगाबाद खंडपीठ ने उत्तराधिकार से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में फैसला सुनाते हुए स्पष्ट किया है कि पति की हत्या के आरोप से दोषमुक्त हो चुकी पत्नी को उसकी संपत्ति में उत्तराधिकार के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता। न्यायमूर्ति संजय देशमुख ने ससुराल पक्ष की द्वितीय अपील खारिज करते हुए कहा कि हत्या का आरोप साबित नहीं होने की स्थिति में हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 25 के तहत महिला को संपत्ति के अधिकार से अयोग्य नहीं ठहराया जा सकता।

पति की संपत्ति में मांगा था हिस्सा

यह मामला बीड़ जिले की केज तहसील की एक महिला से संबंधित है। पति रामचंद्र की मृत्यु के बाद महिला ने ससुराल पक्ष की पैतृक कृषि भूमि और मकान में अपने कानूनी हिस्से की मांग की थी। इसके बाद ससुराल पक्ष ने उसके उत्तराधिकार के अधिकार को अदालत में चुनौती दी।

Advertisement

ससुराल पक्ष की ओर से दलील दी गई कि महिला का पहला विवाह नानाभाऊ आंधले से हुआ था और उसका कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ था। ऐसे में रामचंद्र के साथ उसका दूसरा विवाह वैध नहीं माना जा सकता। इसके अलावा, पति की हत्या के मामले का हवाला देते हुए भी उसे संपत्ति में हिस्सा देने का विरोध किया गया।

पहले सुनाई गई थी आजीवन कारावास की सजा

आपराधिक मामले में सत्र न्यायालय ने महिला को पति की हत्या के आरोप में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हालांकि, महिला ने इस फैसले को बॉम्बे हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। उसकी आपराधिक अपील पर सुनवाई के बाद हाईकोर्ट ने उसे दोषमुक्त कर दिया था।

इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने संपत्ति के उत्तराधिकार से जुड़े मामले में हत्या के पुराने आरोप को आधार बनाकर महिला को संपत्ति से बेदखल रखने की दलील दी। उनका तर्क था कि महिला को पति की संपत्ति में कोई अधिकार नहीं मिलना चाहिए।

धारा 25 के तहत हत्या साबित होना जरूरी

हाईकोर्ट ने हिंदू उत्तराधिकार अधिनियम की धारा 25 का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि इस प्रावधान के तहत किसी व्यक्ति को उत्तराधिकार से तभी अयोग्य ठहराया जा सकता है, जब वह हत्या करता है या हत्या के लिए उकसाता है। इस मामले में महिला को पति की हत्या के आरोप से पहले ही दोषमुक्त किया जा चुका है। इसलिए केवल पूर्व में लगाए गए आरोप या सत्र न्यायालय के फैसले के आधार पर उसे उत्तराधिकार के अधिकार से वंचित नहीं किया जा सकता।

ससुराल पक्ष की द्वितीय अपील खारिज

अदालत ने इन कानूनी पहलुओं पर विचार करने के बाद ससुराल पक्ष की द्वितीय अपील खारिज कर दी। इस फैसले से स्पष्ट हुआ कि हत्या के आरोप मात्र से कोई व्यक्ति उत्तराधिकार के अधिकार से अयोग्य नहीं हो जाता। इसके लिए कानून के तहत निर्धारित अयोग्यता का आधार साबित होना आवश्यक है।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh