वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई, पांच नाबालिगों के अभिभावकों को भी नोटिस
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 21 नवंबर। कुर्ला में फीनिक्स मॉल के पास स्थित एक महानगरपालिका पार्क में फोटो खींच रहे युवक और युवती के साथ मारपीट तथा बदसलूकी का मामला सामने आया है। शुक्रवार शाम हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पीड़ित युवती की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
बहसबाजी के बाद की मारपीट
जानकारी के अनुसार, युवक और युवती पार्क में फोटो खींच रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद आठ से दस नाबालिग लड़कों ने कथित तौर पर दोनों के साथ बहसबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने युवक-युवती के साथ बदसलूकी और मारपीट की।
वीडियो वायरल होने से मामला चर्चा में
घटना के समय पार्क में मौजूद कुछ स्थानीय लोगों ने पूरी वारदात अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली। बाद में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद मामला चर्चा में आया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
मुंबई पुलिस के अनुसार, युवती की शिकायत पर घाटकोपर पुलिस ने आठ नाबालिगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2), 189(4), 118(1), 352 और 351(2) के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने पांच नाबालिगों के माता-पिता को भी नोटिस जारी किया है।
पुलिस के मुताबिक, सभी नाबालिग आरोपियों को नियमानुसार जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड (JJB) के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
