20 नवंबर तक RTO का विशेष जांच अभियान, एसटी किराए से डेढ़ गुना से अधिक वसूली पर होगी कार्रवाई
न्यूज़म ब्यूरो
मुंबई, 5 नवंबर। दिवाली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों को निजी बस संचालकों की मनमानी का सामना करना पड़ रहा है। मुंबई और पुणे से चलने वाली निजी बसों में सामान्य दिनों के मुकाबले दो से तीन गुना तक अधिक किराया वसूला जा रहा है। कई लंबे रूटों पर एक सीट का किराया 7 हजार रुपये तक पहुंच गया है। यात्रियों की शिकायतों और सोशल मीडिया पर बढ़ते विरोध के बाद परिवहन विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
700 रुपये की सीट के लिए मांगे 7 हजार
त्योहारी सीजन में ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट का फायदा उठाकर निजी बस संचालक मनमाना किराया वसूल रहे हैं। यात्रियों के मुताबिक, सामान्य दिनों में 700 रुपये में मिलने वाली सीट के लिए अब 4 हजार से 7 हजार रुपये तक मांगे जा रहे हैं। कई यात्रियों ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग के स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा कर परिवहन विभाग से कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि आखिरी समय में घर जाने की योजना बनाने वाले नौकरीपेशा लोगों के पास महंगे टिकट खरीदने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचता।
20 नवंबर तक बसों की जांच
शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुणे RTO ने निजी बस संचालकों की मनमानी रोकने के लिए विशेष जांच अभियान शुरू किया है। यह अभियान 20 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत फ्लाइंग स्क्वाड की टीमें अलग-अलग मार्गों पर बसों की जांच कर रही हैं। बसों के परमिट, यात्रियों की संख्या और सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता भी जांची जा रही है।
एसटी किराए से डेढ़ गुना तक वसूली की अनुमति
परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार, निजी बस संचालक एसटी बस के निर्धारित किराए से अधिकतम डेढ़ गुना तक ही किराया वसूल सकते हैं। इससे अधिक वसूली करना नियमों का उल्लंघन है। इसके अलावा प्रत्येक बस में अधिकृत किराया सूची प्रदर्शित करना भी अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन करने वाले बस संचालकों पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी
RTO ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित सीमा से अधिक किराया मांगे जाने पर टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-22-0110 पर शिकायत करें। शिकायत के साथ टिकट और संबंधित बस की तस्वीर भी उपलब्ध कराएं, ताकि संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
