Follow

बकरीद पर खुले में कुर्बानी का मुद्दा गरमाया, किरीट सोमैया ने BMC से की सख्त कार्रवाई की मांग

रिहायशी सोसायटियों, चालों और सार्वजनिक स्थानों पर कुर्बानी रोकने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने की मांग

न्यूज़म ब्यूरो

मुंबई, 5 नवंबर। बकरीद के मौके पर खुले और रिहायशी इलाकों में पशुओं की कुर्बानी का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने इस संबंध में मुंबई महानगरपालिका (BMC) को पत्र लिखकर खुले स्थानों पर कुर्बानी रोकने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

रिहायशी इलाकों में कुर्बानी पर जताई आपत्ति

सोमैया ने पत्र में आरोप लगाया है कि बकरीद के दौरान कई जगहों पर रिहायशी सोसायटियों, चालों, खुले मैदानों, सार्वजनिक चौराहों और सड़कों पर अवैध रूप से पशुओं की कुर्बानी की जाती है। उन्होंने शिवाजीनगर, गोवंडी, मानखुर्द, कुर्ला, मालवणी, भायखला, भिंडी बाजार, विक्रोली पार्क साइट, घाटकोपर पश्चिम, मुंबादेवी और गोलदेवल जैसे इलाकों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय निवासियों की शिकायतों के बावजूद नगर निगम के अधिकारी कई बार कार्रवाई नहीं करते।

Advertisement

अलग स्टॉल और निर्धारित स्थान बनाने की मांग

भाजपा नेता ने कहा कि आवासीय सोसायटियों और चालों के भीतर खुले में कुर्बानी की अनुमति नहीं होनी चाहिए। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए नगर निगम को अलग स्टॉल और निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसी व्यवस्था स्थानीय निवासियों की आपत्तियों को ध्यान में रखकर की जाए। उनके मुताबिक, मुंबई में पहले से मौजूद दुकानों और बाजारों के आसपास ही आवश्यक इंतजाम किए जा सकते हैं।

BMC के सर्कुलर में बदलाव की मांग

सोमैया ने नगर निगम के मौजूदा परिपत्र में उस प्रावधान को हटाने की मांग की है, जिसके तहत जरूरत पड़ने पर खुले स्थानों पर अलग मंडप लगाने की अनुमति दी जाती है। उन्होंने बकरीद के दौरान मुस्लिम समुदाय के लिए आवश्यक दुकानें, बाजार स्टॉल और कुर्बानी के निर्धारित स्थान उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही, धार्मिक नेताओं और प्रमुख हस्तियों को शामिल कर जन-जागरूकता अभियान चलाने का सुझाव दिया।

नियमों के सख्त पालन पर जोर

सोमैया ने आरोप लगाया कि कुछ लोग धार्मिक त्योहारों के दौरान जानबूझकर खुले स्थानों पर कुर्बानी देकर तनाव पैदा करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ऐसे मामलों में नगर निगम और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। सोमैया ने कहा कि नगर निगम को मौजूदा नियमों की समीक्षा कर स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाने चाहिए और उनका सख्ती से पालन सुनिश्चित करना चाहिए। उन्होंने खुले स्थानों पर होने वाली ऐसी गतिविधियों से फैलने वाले प्रदूषण पर भी आपत्ति जताई।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh