Follow

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की रैली के लिए अंबाला तैयार, गांधी ग्राउंड में उमड़ेगा जनसैलाब : अनिल विज

5 नवंबर की ऐतिहासिक रैली को लेकर सभी तैयारियां पूरी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह करेंगे संबोधित : कैबिनेट मंत्री अनिल विज

कैबिनेट मंत्री अनिल विज और सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के मकरंद पांडुरंग ने किया शहीद स्मारक व गांधी ग्राउंड का दौरा

न्यूज़म ब्यूरो

अंबाला,  4 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज अंबाला छावनी स्थित शहीद स्मारक तथा गांधी ग्राउंड में 5 नवंबर को आयोजित होने वाली विशाल रैली के स्थल का दौरा कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने कहा कि 5 नवंबर को अंबाला छावनी के गांधी ग्राउंड में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी। इस रैली को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह संबोधित करेंगे। उन्हें सुनने के लिए हरियाणा के कोने-कोने से हजारों की संख्या में लोग अंबाला छावनी पहुंचेंगे।

Advertisement

रैली को लेकर प्रदेशवासियों में भारी उत्साह है तथा आयोजन से संबंधित सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं 
उन्होंने कहा कि 5 नवंबर का दिन अंबाला छावनी के लिए विशेष महत्व रखता है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का अंबाला आगमन क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। अमित शाह द्वारा अम्बाला छावनी में बने शहीद स्मारक का उद्घाटन किया जाएगा और गांधी ग्राउंड में आयोजित रैली को सम्बोधित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस रैली में प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है।

1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा को समर्पित है अंबाला का शहीद स्मारक
उन्होंने बताया कि इस भव्य स्मारक में 22 अलग-अलग गैलरी स्थापित की गई हैं। इन गैलरियों में वर्ष 1857 के दौरान देश के विभिन्न हिस्सों में अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ लड़ी गई लड़ाइयों, क्रांतिकारियों के संघर्ष तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। यहां आने वाले लोग उस ऐतिहासिक दौर की घटनाओं को करीब से देख और समझ सकेंगे।

नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास से परिचित करवाएगा शहीद स्मारक
विज ने कहा कि 1857 का प्रथम स्वतंत्रता संग्राम भारतीय इतिहास का अत्यंत महत्वपूर्ण अध्याय है। इस संग्राम में देश के अनेक वीरों ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था। अंबाला में स्थापित यह स्मारक उन वीर शहीदों के योगदान और बलिदान को सम्मान देने के साथ-साथ आने वाली पीढय़िों को स्वतंत्रता संग्राम के वास्तविक इतिहास से परिचित करवाने का काम करेगा। आधुनिक तकनीक के माध्यम से इतिहास को प्रस्तुत करने का यह प्रयास युवाओं के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायक साबित होगा।

उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे 5 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में गांधी ग्राउंड, अंबाला छावनी पहुंचकर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के विचार सुनें और इस ऐतिहासिक रैली का हिस्सा बनें।

शहीद स्मारक ओर रैली की तैयारियों और व्यवस्थाओं का आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने भी लिया जायजा
इसी क्रम में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के. मकरंद पांडुरंग ने भी आज अंबाला छावनी स्थित शहीद स्मारक तथा गांधी ग्राउंड में रैली स्थल का दौरा किया। उन्होंने रैली के आयोजन से जुड़ी तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि 5 नवंबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम का संचालन सुचारू एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जा सके।

पांडुरंग ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। रैली में आने वाले लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा कार्यक्रम के दौरान सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार के बड़े आयोजनों में विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें, ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

उल्लेखनीय है कि ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज तथा सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के आयुक्त एवं सचिव के.एम. पांडुरंग ने शहीद स्मारक और गांधी ग्राउंड का अलग-अलग दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

इस मौके पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत, एसडीएम कनिका गोयल, शहीद स्मारक के निदेशक डॉ. कुलदीप सैनी, सीईओ जिला परिषद गगनदीप, एसडीएम दर्शन कुमार, एसडीएम शिवजीत भारती, एडीपीआर कैप्टेन मनीष लोहान के साथ-साथ अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh