महिला आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तिकरण को लेकर मुख्यमंत्री के समक्ष रखे प्रस्ताव
न्यूज़म ब्यूरो
पंचकूला। पंचकूला में गठित पहली महिला CM-PACS “द सांझा प्रयास वूमेन कोऑपरेटिव CM-PACS” की सभी सदस्य महिलाओं ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता एवं पूर्व जिला अध्यक्ष दीपक शर्मा की अध्यक्षता में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस अवसर पर CM-PACS की अध्यक्ष एवं वार्ड नंबर दो की नगर निगम पार्षद परमजीत कौर ने संगठन से जुड़ी महिलाओं और उनके हितों से संबंधित विभिन्न विषय मुख्यमंत्री के समक्ष विस्तारपूर्वक रखे। सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री जी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की उनकी दूरदर्शी सोच के तहत महिला CM-PACS को आगे बढ़ाने की पहल एक महत्वपूर्ण कदम है।
पार्षद परमजीत कौर ने कहा कि “द सांझा प्रयास” केवल एक संस्था नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का एक मजबूत माध्यम बनना चाहती है। हमारा उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोड़ना, उनके हुनर को अवसर देना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी के समक्ष कुछ प्रस्ताव भी रखे और आग्रह किया कि सरकार का मार्गदर्शन एवं सहयोग मिले तो CM-PACS के माध्यम से ऐसी योजनाएं और मॉडल विकसित किए जा सकते हैं, जिनसे हरियाणा की महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ें और महिला आत्मनिर्भरता का एक प्रभावी मॉडल पूरे देश के सामने प्रस्तुत हो।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि CM-PACS के माध्यम से महिलाएं स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए यह एक महत्वपूर्ण पहल है और अधिक से अधिक महिलाओं को इसका लाभ उठाना चाहिए।
मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन से उत्साहित CM-PACS की सदस्यों ने कहा कि उनका संकल्प स्पष्ट है—महिलाओं को अवसर देना, उनके हुनर को मंच देना और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से “द सांझा प्रयास” को एक मजबूत एवं सफल महिला सहकारी मॉडल के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा।
इस अवसर पर CM-PACS की अध्यक्ष एवं नगर निगम पार्षद परमजीत कौर, जनरल सेक्रेटरी अमृत शर्मा, कैशियर मनबीर कौर, कमेटी सदस्य बबली शर्मा, मनजीत कौर एवं मनजीत सोहन कौर तथा सदस्य नीलम मलिक और ऋतु रानी उपस्थित रहीं। इसके अलावा नगर निगम पार्षद हरेंद्र मलिक, पूर्व मंडल अध्यक्ष गौतम राणा एवं SC मोर्चा के जिला महामंत्री सोहन सिंह भी उपस्थित रहे।
महिला आत्मनिर्भरता की दिशा में “द सांझा प्रयास” का यह कदम आने वाले समय में अनेक महिलाओं के लिए नए अवसर और नई संभावनाएं खोलने का संकल्प है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
