मायापुर में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की सूचना, रेस्क्यू अभियान जारी
22 लोगों के सुरंग में होने की खबर, 16 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू, बचाव अभियान जारी
न्यूज़म ब्यूरो
चमोली, 13 अगस्त 2026 : उत्तराखंड के जनपद चमोली अंतर्गत मायापुर (पीपलकोटी) में गुरुवार शाम लगभग 7:05 बजे टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की सूचना प्राप्त हुई है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार टनल में कार्य कर रहे लगभग 22 लोगों के फंसने की सूचना है। उक्त निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी द्वारा किया जा रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही खोज एवं बचाव अभियान तत्काल शुरू कर दिया गया। अब तक 16 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों की तलाश एवं सुरक्षित रेस्क्यू के लिए अभियान लगातार जारी है।
आपदा परिचालन केंद्र देहरादून से मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की सूचना के बाद चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार जानकारी ले रहे हैं और उनकी ओर से आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो चुकी हैं। वहीं डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस एवं सीआईएसएफ के जवानों द्वारा मौके पर वर्तमान में रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा बचाव एवं राहत कार्यों के लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर जुटाए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार मौके पर—प्रशासन की टीमें रेस्क्यू अभियान में जुटीं
मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा एवं पानी भरने की सूचना के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर पहुंच गए हैं और राहत एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
टनल में फंसे लोगों में से अब तक 16 व्यक्तियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है, जबकि शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है।
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, सेना एवं अन्य संबंधित टीमें मौके पर मौजूद हैं। टनल में फंसे लोगों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों एवं रेस्क्यू टीमों से स्थिति की जानकारी लेते हुए बचाव कार्यों को पूरी तत्परता एवं समन्वय के साथ संचालित करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन द्वारा घटनास्थल पर आवश्यक संसाधन एवं व्यवस्थाएं जुटाई जा रही हैं तथा पूरे घटनाक्रम पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। घायलों की जिला अस्पताल गोपेश्वर में उपचार चल रहा है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


