न्यूज़म ब्यूरो
नई दिल्ली। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने प्रसिद्ध लेखक और गीतकार प्रसून जोशी को प्रसार भारती का नया चेयरमैन नियुक्त किया है। मंत्रालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जोशी अपने प्रभावशाली लेखन और भारतीय संस्कृति से गहरे जुड़ाव के लिए जाने जाते हैं। 16 सितंबर 1971 को जन्मे 54 वर्षीय जोशी ने साहित्य, विज्ञापन और सिनेमा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सरकार का मानना है कि उनके रचनात्मक कार्य—फिल्मी गीत, विज्ञापन अभियान और सामाजिक विषयों पर आधारित कहानियां—देशभर के लोगों से सीधे संवाद स्थापित करती हैं। उनकी नियुक्ति पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि जोशी एक विलक्षण प्रतिभा हैं, जिन्हें वैश्विक स्तर पर सराहा जाता है, लेकिन उनका हृदय भारतीय मूल्यों से जुड़ा है।
उन्होंने कहा कि जोशी के नेतृत्व में प्रसार भारती को नई ऊर्जा, रचनात्मक दृष्टि और स्पष्ट दिशा मिलेगी। इससे पहले, जोशी अगस्त 2017 से केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष रह चुके हैं, जहां उन्होंने फिल्म प्रमाणन प्रक्रिया को अधिक संतुलित और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाई।