न्यूज़म ब्यूरो
रायबरेली। नगर के फतेहपुर रोड पर कोतवाली गेट के सामने स्थित आनंद डेयरी प्लांट में बृहस्पतिवार सुबह इनकम टैक्स विभाग की टीम ने छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। अधिकारी गहन जांच में जुटे हुए हैं।
सुबह हरियाणा और दिल्ली नंबर की कई गाड़ियों से इनकम टैक्स के अधिकारी प्लांट पहुंचे। टीम के पहुंचते ही मुख्य गेट बंद कर दिया गया और प्लांट में मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकलने से रोक दिया गया। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए।
जांच के दौरान प्लांट के भीतर मौजूद सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन जमा करा लिए गए। वहीं, सुबह की शिफ्ट में काम पर पहुंचे कर्मचारियों को भी मोबाइल जमा करने के बाद ही अंदर प्रवेश दिया गया। इस कार्रवाई से कर्मचारियों में दहशत और असमंजस का माहौल बना रहा।
सूत्रों के अनुसार इनकम टैक्स टीम ने प्लांट कार्यालय से कंप्यूटर, लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं। आय-व्यय से जुड़े रिकॉर्ड और कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है।
छापेमारी की सूचना मिलते ही आसपास के इलाके में चर्चा तेज हो गई और बड़ी संख्या में लोग प्लांट के बाहर जमा हो गए। हालांकि, सुरक्षा के मद्देनजर किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई। खबर लिखे जाने तक कार्रवाई जारी थी और देर शाम तक जांच चलने की संभावना जताई जा रही है।