हरियाणा के सिविल अस्पतालों को सशक्त बनाने के लिए अहम परियोजनाओं को दी मंजूरी
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 20 मार्च : हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव की अध्यक्षता में स्पेशल हाई पावर्ड परचेज कमेटी (SHPPC) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राज्य के सिविल अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक के दौरान सिविल अस्पताल मांडीखेड़ा (नूंह) और रेवाड़ी में सीटी स्कैन सेवाओं को हायर करने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही मांडीखेड़ा (नूंह), रेवाड़ी, हिसार, जींद, रोहतक और चरखी दादरी के सिविल अस्पतालों में पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) के आधार पर एमआरआई स्कैन सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा, कुरुक्षेत्र, गुरुग्राम और जींद के जिला सिविल अस्पतालों में मैकेनाइज्ड और ऑटोमेटेड क्लीनिंग सेवाएं शुरू करने को भी मंजूरी प्रदान की गई, जिससे अस्पतालों में स्वच्छता और मरीजों को बेहतर वातावरण मिल सकेगा।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बैठक में कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू किया जाए और क्रियान्वयन में पारदर्शिता व दक्षता सुनिश्चित की जाए।
इन पहलों को हरियाणा के सार्वजनिक स्वास्थ्य तंत्र के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की एडिशनल चीफ सेक्रेटरी डॉक्टर सुमिता मिश्रा, हेल्थ सेक्रेटरी एवं नेशनल हेल्थ मिशन के डायरेक्टर डॉ रिपुदमन सूंघ ढिल्लों और डीजी हेल्थ सर्विसेज डॉक्टर मनीष बंसल एवं डॉ कुलदीप सिंह सहित अन्य उच्चाधिकारी मौजूद रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


