Follow

CM ने दी मंजूरी, अंबाला में बनेगा CHC, रेवाड़ी में खुलेगा नया PHC

हरियाणा में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार

न्यूज़म ब्यूरो 

चंडीगढ़, 6 अगस्त। हरियाणा सरकार ने राज्य में स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  को अपग्रेड करने के साथ-साथ एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को मंजूरी प्रदान की है। सरकार के इस फैसले से अंबाला और रेवाड़ी जिलों के हजारों ग्रामीणों को अपने नजदीकी इलाकों में ही बेहतर और आधुनिक इलाज की सुविधाएं मिल सकेंगी।

प्रदेश की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 2 मार्च 2026 को प्रस्तुत बजट के दौरान जनता से जुड़े कई अहम ऐलान किए थे। उसी घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए मुख्यमंत्री ने अंबाला जिले के पंजोखरा साहिब स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अपग्रेड करने के प्रस्ताव को प्रशासनिक स्वीकृति दे दी है। इस अस्पताल के अपग्रेड होने से पंजोखरा साहिब और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को आपातकालीन सेवाओं, विशेषज्ञ डॉक्टरों और बेहतर इनडोर रोगी सुविधाओं का लाभ अपने घर के पास ही मिलेगा।

इसके साथ ही, स्वास्थ्य मंत्री ने दूसरे महत्वपूर्ण फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रेवाड़ी जिले के गांव संगवाड़ी में एक नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र  खोलने को भी हरी झंडी दे दी है। संगवाड़ी में नया पीएचसी खुलने से इस क्षेत्र के ग्रामीणों को छोटी-मोटी बीमारियों के इलाज और प्राथमिक जांच के लिए दूर-दराज के शहरों या बड़े अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। सरकार के इन दोनों फैसलों से ग्रामीण अंचल में प्राथमिक और द्वितीयक स्तर की स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और अधिक आसान व मजबूत होगी।

Advertisement

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
Tap to Refresh