Follow

डिमैट खाते से 4.58 करोड़ के शेयर बेचे, सस्ते शेयर खरीदकर की ठगी; महिला आरोपी गिरफ्तार

साइबर ठगों ने निवेशक के खाते में सेंध लगाकर शेयरों की खरीद-बिक्री की थी, पुलिस ने 2.86 करोड़ रुपये के शेयर फ्रीज कराए।

राहुल गुप्ता

मुंबई, 5 नवंबर। शेयर बाजार में निवेश करने वाले एक व्यक्ति के डिमैट खाते को हैक कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में मुंबई पुलिस की दक्षिण विभाग साइबर पुलिस ने एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शिकायतकर्ता के डिमैट खाते से 4 करोड़ 58 लाख 34 हजार 579 रुपये के शेयर बेच दिए और इसके बदले 1 करोड़ 71 लाख 60 हजार 32 रुपये मूल्य के कम कीमत वाले पेनी स्टॉक खरीदकर उसे आर्थिक नुकसान पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, यह घटना 10 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच हुई। किसी अज्ञात व्यक्ति ने इंटरनेट के माध्यम से शिकायतकर्ता के डिमैट खाते में बिना अनुमति प्रवेश किया और उसके यूजर आईडी तथा पासवर्ड का इस्तेमाल कर शेयरों की बिक्री कर दी।

ओटीपी हासिल करने के लिए लिया सिम कार्ड का सहारा

Advertisement

जांच में सामने आया कि डिमैट खाते में लॉगिन करने के लिए जरूरी ओटीपी शिकायतकर्ता की ईमेल आईडी पर प्राप्त होता था। गिरफ्तार महिला आरोपी ने शिकायतकर्ता की ईमेल आईडी तक पहुंच बनाने के लिए उससे जुड़े मोबाइल नंबर का अवैध तरीके से सिम कार्ड हासिल किया। इसके बाद ईमेल तक पहुंच बनाकर डिमैट खाते में प्रवेश किया और शिकायतकर्ता की अनुमति के बिना शेयर बेचकर उनकी जगह कम कीमत वाले पेनी स्टॉक खरीद लिए।

मामले में शिकायत मिलने के बाद दक्षिण साइबर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 68/26 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ 86 लाख 74 हजार 547 रुपये मूल्य के शेयर फ्रीज करा दिए।

पहले भी दर्ज हैं ऐसे मामलों में केस

पुलिस जांच में पता चला कि गिरफ्तार महिला आरोपी के खिलाफ पहले भी इसी तरह के साइबर धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं। इनमें सांताक्रूज पुलिस थाने में वर्ष 2025 के दो मामले, आजाद मैदान पुलिस थाने में वर्ष 2025 का एक मामला और अंधेरी पुलिस थाने में वर्ष 2026 का एक मामला शामिल है।

महिला आरोपी को 3 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब मामले में आगे की जांच कर रही है।

पुलिस ने निवेशकों को दी सावधानी बरतने की सलाह

मुंबई पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अनजान मोबाइल नंबरों से आने वाले लिंक या ऐप के माध्यम से शेयर बाजार में लेनदेन न करें। अपने डिमैट और ट्रेडिंग खाते का पासवर्ड, ओटीपी, ईमेल आईडी तथा रिकवरी एक्सेस किसी के साथ साझा न करें।

यदि कोई संदिग्ध लेनदेन दिखाई देता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस कार्रवाई को पुलिस आयुक्त देवेन भारती, संयुक्त पुलिस आयुक्त (अपराध) अनिल कुंभारे, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त कृष्णकांत उपाध्याय, पुलिस उपायुक्त (साइबर अपराध) बजरंग बंसोडे और सहायक पुलिस आयुक्त सायरस ईरानी के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नंदकुमार गोपाले के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक फातिमा बागवान, पुलिस उपनिरीक्षक दीपेश शिंदे और उनकी टीम ने कार्रवाई की।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Advertisement
↑
Tap to Refresh