विश्व एड्स दिवस पर स्वास्थ्य विभाग का दावा; अलीपुरद्वार और कोलकाता में संक्रमण की पहचान तेज करने पर जोर, ‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य प्राप्त करने की दिशा में प्रयास
न्यूज़म ब्यूरो
कोलकाता, 27 नवंबर। पश्चिम बंगाल के 23 जिलों में से 21 जिलों ने एचआईवी रोकथाम के निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। शेष दो जिलों अलीपुरद्वार और कोलकाता में भी लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रयास तेज किए जा रहे हैं। यह जानकारी शुक्रवार को साल्टलेक स्थित स्वास्थ्य भवन सभागार में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने दी।
विश्व एड्स दिवस के अवसर पर पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत वेस्ट बंगाल स्टेट एड्स प्रिवेंशन एंड कंट्रोल सोसाइटी की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की इस वर्ष की थीम ‘एंडिंग एड्स स्टार्ट्स विद एक्सेस’ रखी गई है। कार्यक्रम में एचआईवी-एड्स की रोकथाम, उपचार और जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष परिचर्चा हुई।
‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य पर विशेष जोर
कार्यक्रम में सोसाइटी के परियोजना निदेशक यूनिस इस्माइल ने बताया कि इस वर्ष ‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य को प्राथमिकता दी गई है। इसके तहत एचआईवी संक्रमित 95 प्रतिशत लोगों की पहचान करना, पहचाने गए संक्रमित लोगों में से 95 प्रतिशत को उपचार के दायरे में लाना और उपचार करा रहे 95 प्रतिशत मरीजों में वायरस को नियंत्रित करना प्रमुख उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि नेशनल एड्स कंट्रोल सोसाइटी ने जिन चार राज्यों को लगभग एड्स मुक्त राज्य के रूप में चिह्नित किया है, उनमें पश्चिम बंगाल भी शामिल है। उन्होंने एड्स नियंत्रण कार्यक्रम से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कोलकाता और अलीपुरद्वार में पहचान की चुनौती
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. स्वपन सोरेन ने कहा कि एचआईवी संक्रमण की रोकथाम और संक्रमित लोगों की पहचान के मामले में अलीपुरद्वार और कोलकाता अभी पीछे हैं। विशेष रूप से कोलकाता में राज्य के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में लोगों के आने के कारण संक्रमित व्यक्तियों की पहचान करना चुनौतीपूर्ण हो रहा है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही इन दोनों जिलों को भी निर्धारित लक्ष्य हासिल करने वाले जिलों की श्रेणी में शामिल किया जा सकेगा। उन्होंने ‘ट्रिपल एलिमिनेशन’ लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि भविष्य में किसी बच्चे का जन्म हेपेटाइटिस-बी, सिफलिस और एचआईवी जैसे संक्रमणों के साथ न हो।
टेलीमेडिसिन से दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचेंगी स्वास्थ्य सेवाएं
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सचिव शरद कुमार द्विवेदी ने बताया कि राज्य के 23 में से 21 जिलों ने निर्धारित लक्ष्य हासिल कर लिए हैं। शेष जिलों में भी जल्द प्रगति होने की उम्मीद है।
उन्होंने कहा कि टेलीमेडिसिन के माध्यम से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। जो लोग अभी तक इन सेवाओं के दायरे में नहीं आए हैं, उन्हें भी आवश्यक जानकारी और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने एड्स नियंत्रण सोसाइटी और राज्य की संबंधित संस्थाओं के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए एड्स उन्मूलन के लक्ष्य के लिए सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।
एआरटी उपचार के विस्तार पर जोर
विशेष सचिव दिव्या रंगनाथन ने कहा कि अगले एक-दो वर्षों में ‘ट्रिपल 95’ लक्ष्य से आगे बढ़कर और बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की उम्मीद है। एचआईवी संक्रमित मरीजों को एंटी-रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) के उपचार से जोड़ा जा रहा है।
उन्होंने मरीजों की समग्र स्वास्थ्य देखभाल के लिए आयुर्वेद और होम्योपैथी जैसे वैकल्पिक चिकित्सा क्षेत्रों पर भी ध्यान देने की बात कही। इसके अलावा मातृ मृत्यु दर में कमी, टीबी उन्मूलन और शिशु मृत्यु दर घटाने जैसे अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्ष्यों पर भी इसी तरह काम करने की आवश्यकता जताई।
कई स्वास्थ्य अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के सचिव शरद कुमार द्विवेदी, स्वास्थ्य निदेशक डॉ. स्वपन सोरेन, विशेष सचिव दिव्या रंगनाथन, इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर के निदेशक डॉ. कौस्तुभ नायक, परियोजना निदेशक यूनिस इस्माइल, डॉ. दीपंकर माझी, डॉ. देवाशीष राय और डॉ. पल्लव भट्टाचार्य सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
परिचर्चा में डॉ. शांतशील पाइन, डॉ. चंद्रमौली भट्टाचार्य, डॉ. सायन चक्रवर्ती, डॉ. सुस्मिता चटर्जी और डॉ. एसके गुहा ने भी हिस्सा लिया।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
