मुख्य जलवाहिनियों की मरम्मत के कारण कुछ क्षेत्रों में पूरी तरह आपूर्ति बंद रहेगी, जबकि कई इलाकों में कम दबाव से पानी मिलने की आशंका है।
राहुल गुप्ता
मुंबई, 26 नवंबर। मुंबई के कई इलाकों में गुरुवार सुबह 9 बजे से शुक्रवार सुबह 9 बजे तक पानी की आपूर्ति प्रभावित रहेगी। बृहन्मुंबई महानगरपालिका पवई उच्चस्तरीय जलाशय क्रमांक-1 से सहार गांव के बीच प्रमुख जलवाहिनियों की मरम्मत करेगी। इस कार्य के कारण छह नागरिक वार्डों के कुछ हिस्सों में पानी पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि कुछ क्षेत्रों में कम दबाव से आपूर्ति होगी।
महानगरपालिका के अनुसार, मरम्मत का काम लगातार 24 घंटे चलेगा। नागरिकों से पहले से पानी जमा रखने और मरम्मत अवधि के दौरान उपलब्ध पानी का सावधानी से इस्तेमाल करने की अपील की गई है।
धारावी से अंधेरी तक असर
जी उत्तर विभाग के धारावी, माहिम और माटुंगा के कुछ हिस्सों में पानी बंद रहेगा। इसमें धारावी लूप रोड, ए.के.जी. नगर, प्रेम नगर, नाइक नगर, धारावी मेन रोड, गणेश मंदिर रोड, माहिम फाटक, कुंभारवाड़ा, माटुंगा लेबर कैंप और संत रोहिदास मार्ग शामिल हैं।
के पूर्व और के पश्चिम विभाग के मरोल, एमआईडीसी, चकाला, जे.बी. नगर, सहार और एयरपोर्ट रोड के आसपास गुरुवार को पानी नहीं मिलेगा। इससे अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, सेवन हिल्स अस्पताल और एसईईपीजेड जैसे महत्वपूर्ण स्थान भी प्रभावित होंगे।
बांद्रा टर्मिनस और विक्रोली के कुछ हिस्से भी प्रभावित
एच पूर्व विभाग में बांद्रा टर्मिनस पर गुरुवार और शुक्रवार दोनों दिन पानी बंद रहेगा। शुक्रवार को बेहरामपाड़ा, खेरवाड़ी, खेर नगर, निर्मल नगर और बांद्रा पूर्व के कुछ हिस्सों में भी आपूर्ति बंद रहेगी।
एस विभाग के मोरारजी नगर, गौतम नगर, जय भीम नगर, पासपोली गांव, बेस्ट नगर, फिल्टरपाड़ा, पठानवाड़ी और आरे के कुछ हिस्सों में पानी नहीं मिलेगा। विक्रोली पश्चिम, कांजुरमार्ग पश्चिम, सूर्या नगर और भांडुप के कई इलाकों में कम दबाव से पानी आएगा।
एन विभाग में विक्रोली पश्चिम रेलवे स्टेशन के आसपास, फिरोज शाह नगर, गोडरेज कंपाउंड, मेफेयर बिल्डिंग, कैलाश कॉम्प्लेक्स, आर सिटी मॉल और साईनाथ नगर में भी कम दबाव की समस्या हो सकती है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
