सोनीपत पहुंचने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों ने पुष्प वर्षा और रोड शो निकालकर किया भव्य स्वागत और अभिनंदन
इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए आपातकाल लगाकर लोकतंत्र को कुचला : डा. अर्चना गुप्ता
न्यूज़म ब्यूरो
चंडीगढ़, 25 जून। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता का गुरुवार को सोनीपत पहुंचने पर कार्यकर्ताओं, सामाजिक और धार्मिक संगठनों ने जोरदार स्वागत किया। शहर में विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया गया। अग्रसेन चौक पर अग्रवाल समाज द्वारा भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने भाजपा के झंडों और नारों के साथ ट्रैक्टरों पर सवार होकर रोड शो किया और मोदी जिंदाबाद, नायब सैनी जिंदाबाद तथा डॉ. अर्चना गुप्ता जिंदाबाद के नारे लगाए। राई रेस्ट हाउस में ब्राह्मण समाज ने भी प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया।
स्वागत से अभिभूत डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी कार्यकर्ताओं, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोनीपत में मिला सम्मान और स्नेह उनके लिए ऊर्जा देने वाला है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का सहयोग उन्हें जनसेवा के संकल्प को और अधिक मजबूती से आगे बढ़ाने की ऊर्जा देता है।
डा. अर्चना गुप्ता ने पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली के नेतृत्व की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री बड़ौली के नेतृत्व में संगठन मजबूत हुआ। 50 लाख से अधिक लोगों ने भाजपा की सस्यता ली और 50 हजार लोग भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता बनें। उन्होंने कहा कि श्री बड़ौली के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं की मेहनत तथा जन आशीर्वाद से हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने स्वागत एवं सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा एक कार्यकर्ता आधारित पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री जैसे सर्वाेच्च पदों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में परिवारवाद के लिए कोई स्थान नहीं है और पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस तथा 6 जुलाई को उनके जन्मदिवस के अवसर पर बूथ स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित करने और पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंत्र सेवा ही संगठन भाजपा की कार्यशैली का आधार है। इसी मंत्र के तहत उन्होंने कार्यकर्ताओं से नए लोगों, विशेषकर युवाओं और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन को और अधिक मजबूत बनाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
पर्यावरण संरक्षण पर बोलते हुए डॉ. अर्चना गुप्ता ने प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पेड़ लगाने और उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं से अपने घर और आंगन में पौधारोपण करने का आग्रह किया। साथ ही कार्यकर्ताओं से नशा मुक्ति अभियान, पौधारोपण अभियान और रक्तदान शिविर जैसे सेवा कार्यों को व्यापक स्तर पर चलाने का आह्वान किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता ने मोदी सरकार के 12 सालों की उपलब्धियों पर बोलते हुए कहा कि ये 12 साल गरीब कल्याण, सुशासन, त्याग और तपस्या का प्रतीक रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व विकास हुआ है। गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की गई हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार भी महिलाओं, किसानों, युवाओं और गरीबों के हित में लगातार योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मोदी और नायब सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
डॉ. अर्चना गुप्ता ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को भारतीय लोकतंत्र का काला अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि 25 जून की रात देश लोकतंत्र के साथ सोया था, लेकिन 26 जून की सुबह लोगों ने लोकतंत्र को बंधनों में जकड़ा हुआ पाया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी सत्ता बचाने के लिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर किया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगाया और विपक्षी नेताओं को जेल में डाल दिया।
उन्होंने कहा कि लोकनायक जयप्रकाश नारायण, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को आपातकाल के दौर की वास्तविकता से अवगत कराना आवश्यक है ताकि लोकतंत्र की रक्षा के महत्व को समझा जा सके। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान का सम्मान करती है और संविधान की भावना के अनुरूप कार्य करती है। साथ ही उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा की आलोचना करते-करते राहुल गांधी विदेशों में भारत की भी आलोचना करने लगते हैं।
कार्यकर्ताओं के परिश्रम और जनआशीर्वाद से भाजपा लगातार चुनाव जीत रही है : मोहन लाल बड़ौली
प्रदेश अध्यक्ष डा. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा : बड़ौली
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं और कार्यकर्ताओं की मेहनत व जनता के आशीर्वाद के बल पर ही पार्टी लगातार सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
पंडित मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित संगठन है और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के कारण ही केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार सरकार बनी है और हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में भाजपा ने तीसरी बार सरकार बनाकर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास भाजपा की नीतियों, कार्यशैली और जनहितकारी योजनाओं के कारण लगातार बढ़ रहा है, जिसका परिणाम चुनावी जीत के रूप में सामने आ रहा है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए नगर निकाय और नगर निगम चुनावों में भी भाजपा को शानदार सफलता मिली है। यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के समर्थन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता के नेतृत्व में संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा बूथ स्तर तक पार्टी का विस्तार होगा।
बड़ौली ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य किए जा रहे हैं। युवाओं को मेरिट के आधार पर पारदर्शी तरीके से रोजगार के अवसर मिल रहे हैं। महिला सशक्तीकरण की दिशा में सरकार अनेक योजनाएं चला रही है और किसानों के हितों को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
बड़ौली ने 25 जून 1975 को लगाए गए आपातकाल को लोकतंत्र का काला अध्याय बताते हुए कहा कि उस दौर में इंदिरा गांधी ने संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का दमन किया। भाजपा पूरे देश में इस दिन को संविधान हत्या दिवस के रूप में मना रही है ताकि नई पीढ़ी को लोकतंत्र की रक्षा के महत्व से अवगत कराया जा सके।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अशोक भारद्वाज, विधायक निखिल मदान, मेयर राजीव जैन, जिला महामंत्री नीरज कुमार, पूर्व मंत्री कविता जैन, विधायक देवेंद्र कादयान, जिला मीडिया प्रभारी दिनेश अत्री, जवाहर सैनी, सतीश नांदल, मोनिका दहिया, ललित बत्रा, ओम प्रकाश अत्रे, आज़ाद नेहरा, तरुण देवीदास सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अन्य लोग मौजूद रहे।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।


