300 भारतीयों से संपर्क टूटा
न्यूज़म ब्यूरो
कोलकाता। नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड की त्रासदी के बीच पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री मुकुल रॉय की बहू और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुभ्रांशु रॉय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक रॉय भी लापता हैं। वह कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं।
शर्मिष्ठा 32 सदस्यीय उस पर्यटक दल का हिस्सा थीं, जो 21 अगस्त को कोलकाता से कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुआ था। बाढ़ की चपेट में आने के बाद इस दल के 31 सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया। एक यात्री को सुरक्षित बचा लिया गया है।
परिवार के मुताबिक, शर्मिष्ठा से आखिरी बार 25 अगस्त की रात संपर्क हुआ था। उस समय वह आपदा प्रभावित क्षेत्र से करीब 10 किलोमीटर दूर थीं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो सका। सुभ्रांशु रॉय ने बताया कि वह प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं और उनकी पत्नी की तलाश की जा रही है।
नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद करीब 300 भारतीय नागरिकों के संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तीर्थयात्रियों की है। भारतीय अधिकारियों की ओर से राहत और बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
पढ़ने के लिए धन्यवाद
आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।
